बिहार: 5 हजार रिश्वत लेते सरकारी अमीन गिरफ्तार, जमीन सीमांकन के काम के बदले मांगा था पैसा, निगरानी ने रंगे हाथ पकड़ा

जहानाबाद जिले के मखदुमपुर प्रखंड में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना की टीम ने कार्रवाई करते हुए सरकारी अमीन अनिल कुमार को 5 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोप है कि जमीन के सीमांकन से जुड़े काम के लिए अमीन ने रिश्वत की मांग की थी।
जमीन सीमांकन के काम के लिए मांगी थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, गया जिले के बेलागंज निवासी विमलेश कुमार की मखदुमपुर प्रखंड के ओवा गांव में जमीन है। जमीन के सीमांकन से जुड़ा मामला काफी समय से लंबित था।

विमलेश कुमार का आरोप था कि वह करीब पांच महीने से सरकारी अमीन अनिल कुमार से अपने काम के लिए संपर्क कर रहे थे, लेकिन उन्हें बार-बार टाल दिया जाता था। आरोप है कि काम पूरा करने के बदले अमीन ने उनसे 5 हजार रुपए की मांग की थी।

शिकायत के बाद निगरानी ने बिछाया जाल
रिश्वत मांगने की शिकायत विमलेश कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में की। शिकायत मिलने के बाद विभाग ने मामले की जांच की और आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की योजना बनाई। इसके बाद निगरानी टीम ने मखदुमपुर में जाल बिछाया। जैसे ही विमलेश कुमार ने अमीन अनिल कुमार को 5 हजार रुपए दिए, टीम ने उन्हें तुरंत पकड़ लिया।

रिश्वत की रकम के साथ पकड़ा गया अमीन
निगरानी टीम ने आरोपी अमीन के पास से रिश्वत की राशि बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

आगे की कानूनी कार्रवाई जारी
निगरानी विभाग के डीएसपी श्रीराम चौधरी ने बताया कि शिकायत के सत्यापन के बाद यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद ट्रैप किया गया, जिसमें अमीन को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
