समस्तीपुर समेत बिहार के अन्य जिलों में भूकंप के झटके, पटना-दरभंगा समेत इन जिलों में घर से बाहर निकले लोग

बिहार में मंगलवार की सुबह अचानक धरती हिली. भूकंप के झटकों की वजह से कई जिलों में हलचल मच गई. राजधानी पटना से लेकर उत्तर बिहार और सीमांचल तक लोगों ने भूकंप महसूस किए. भारत के अलावा नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और चीन के कुछ हिस्सों में भी भूकंप के झटके महसूस किए जाने की खबर है.
बिहार के कई जिलों में आज सुबह-सुबह महसूस हुए भूकंप के झटके: सुबह 7:02 बजे कांपी धरती, डर से लोग घरों से बाहर निकले
न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, नेपाल के कोशी प्रांत में लेलेप के पास सुबह करीब 7:02 बजे 5.4 तीव्रता का भूकंप आया। इसके झटके भारत, नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और चीन… pic.twitter.com/56I0xm1fiO
— Samastipur Town (@samastipurtown) November 24, 2026
सुबह 7:05 बजे कांपी धरती
मिली जानकारी के मुताबिक, समस्तीपुर में सुबह करीब 7 बजकर 5 मिनट पर 2 से 3 सेकंड तक हल्के झटके महसूस किए गए. अचानक हुए कंपन से लोग कुछ पल के लिए हैरान रह गए. समस्तीपुर के अलावा मधुबनी, दरभंगा, पटना, सुपौल, पूर्णिया, अररिया, शिवहर, बेगूसराय और सिवान समेत कई इलाकों में भी भूकंप महसूस किए जाने की खबर सामने आई है. इसके अलावा सिक्किम और सिलीगुड़ी में भी झटके महसूस किए गए. लेकिन जानकारी के अनुसार बिहार में किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है. मीडिया रिपोर्ट्स में भूकंप की तीव्रता 5.4 मैग्निट्यूड बताई जा रही है.


कहां था भूकंप का केंद्र?
प्रारंभिक सिस्मिक जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र 27.855 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 87.909 डिग्री पूर्वी देशांतर पर बताया गया है. इसकी गहराई जमीन से करीब 20 किलोमीटर नीचे आंकी गई. बताया जा रहा है कि भूकंप का केंद्र बिहार के मुजफ्फरपुर से लगभग 315 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में था. जबकि भूटान की राजधानी थिम्पू से इसकी दूरी करीब 175 किलोमीटर और नेपाल की राजधानी काठमांडू से लगभग 254 किलोमीटर पूर्व बताई गई है.





