महादेव चौक कोरबद्दा पर ‘गया राम हार्डवेयर दुकान’ का पिछला गेट तोड़कर 30 बंडल कॉपर वायर की चोरी, आरोपी गिरफ्तार

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत महादेव चौक कोरबद्धा स्थित एक हार्डवेयर दुकान में शनिवार की देर रात चोर ने दुकान का पिछला गेट तोड़कर करीब 25 से 30 बंडल कॉपर वायर चोरी कर लिया। घटना के बाद पीड़ित दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करते हुए मुफस्सिल थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी। पीड़ित दुकानदार की पहचान लगुनियां सूर्यकंठ वार्ड संख्या-38 निवासी गया प्रसाद राम के रूप में हुई है।
उन्होंने पुलिस को बताया कि शनिवार की रात करीब एक बजे चोर दुकान के पिछले गेट को तोड़कर अंदर घुसा और भारी मात्रा में कॉपर वायर लेकर फरार हो गया। चोरी किये गये वायर की संख्या करीब 25 से 30 बंडल है। दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लगुनियां सूर्यकंठ निवासी शिवशंकर महतो के पुत्र राजन कुमार को चिह्नित करते हुए उसके खिलाफ नामजद आवेदन दिया।


दुकानदार का आरोप है कि उक्त आरोपी पूर्व में भी उनकी दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दे चुका है। इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान नामजद आरोपी को उसके घर से चार बंडल कॉपर वायर के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। शेष चोरी किये गये वायर की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है। वहीं गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।





