शराब धंधेबाज के घर के पास डाॅग स्क्वॉड को लेकर समस्तीपुर पुलिस ने चलाया सघन तलाशी अभियान, एक दिन पहले तहखाना बना खाली ट्रक हुआ था बरामद

समस्तीपुर : शराब के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए मुफस्सिल थाने की पुलिस ने बुधवार को दादपुर और आसपास के इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया। दरभंगा से पहुंची डाॅग स्क्वॉड की टीम को भी अभियान में शामिल किया गया। पुलिस ने संदिग्ध ठिकानों और शराब कारोबार से जुड़े लोगों के आसपास के इलाकों में कई घंटे तक तलाशी ली। अभियान के दौरान डाॅग स्क्वॉड को शराब धंधेबाज अजय कुमार के घर के आसपास भी कई स्थानों पर संकेत मिले। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने संभावित जगहों की बारीकी से जांच की। आसपास के कई स्थानों पर तलाशी लेने के साथ छिपाकर शराब रखे जाने की आशंका वाले ठिकानों को भी खंगाला गया।
हालांकि, पुलिस को इस कार्रवाई में शराब की कोई बड़ी खेप बरामद नहीं हुई। जांच के दौरान कुछ जगहों पर अर्धनिर्मित देसी शराब जरूर मिली, जिसे पुलिस टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह ने बताया कि शराब के अवैध निर्माण और कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में बुधवार को डाॅग स्क्वॉड की मदद से दादपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध ठिकानों की जांच की गई। उन्होंने कहा कि शराब के धंधे में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। बताया गया है कि मंगलवार को बरामद तहखाना बने खाली ट्रक जब्त होने के बाद पुलिस को क्षेत्र में शराब की बड़ी खेप उतरने की सूचना थी। बताया गया है कि शराब की खेप खाली करने के बाद ट्रक को पुलिस ने जब्त किया था। पुलिस को आशंका थी की सभी शराब आसपास ही कहीं छिपाकर रखी गयी है।
समस्तीपुर में शराब धंधेबाज के घर के पास डाॅग स्क्वॉड के साथ पुलिस ने चलाया सघन तलाशी अभियान
डॉग स्क्वाॅड की मदद से कई घंटे चली छापेमारी, नहीं मिली शराब की कोई बड़ी खेप
कई स्थानों पर तलाशी के दौरान मिली अर्धनिर्मित देसी शराब, मौके पर किया गया नष्ट
मुफस्सिल थाने की पुलिस ने… pic.twitter.com/5pmPav0RrA
— Samastipur Town (@samastipurtown) September 30, 2026





