समस्तीपुर शहर के विवेक विहार मुहल्ले में 101 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दो धंधेबाज गिरफ्तार

समस्तीपुर : मुफस्सिल व नगर थाना क्षेत्र के बोर्डर इलाके पर विवेक विहार मोहल्ले में बुधवार की देर शाम पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 101 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दो धंधेबाजों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मोहल्ले में ब्राउन शुगर की बड़ी खेप पहुंची है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और भारी संख्या में पुलिस बल के साथ इलाके में छापेमारी की। छापेमारी का नेतृत्व प्रभारी सदर एसडीपीओ-1 सह साइबर डीएसपी दुर्गेश दीपक कर रहे थे। पुलिस टीम ने विवेक विहार मोहल्ले में संदिग्ध ठिकानों पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से 101 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गयी।
प्रभारी सदर एसडीपीओ-1 दुर्गेश दीपक को सूचना मिली थी कि विवेक विहार मोहल्ले में ब्राउन शुगर की खेप पहुंची है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने खुद कार्रवाई की कमान संभाली और पुलिस टीम के साथ छापेमारी के लिए निकल पड़े। अचानक बड़ी संख्या में पुलिस बल के पहुंचने से इलाके में चर्चा का माहौल बन गया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान पकड़े गए दोनों युवकों से पूछताछ शुरू की गयी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ब्राउन शुगर की खेप कहां से लायी गयी थी और इस धंधे से कौन-कौन से लोग जुड़े हैं।

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार दोनों युवकों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस कारोबार में और भी लोग शामिल हो सकते हैं व ब्राउन शुगर की बड़ी मात्रा कहीं और स्टाॅक कर रखी गयी है। गिरफ्तार आरोपितों से मिली जानकारी के आधार पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इस संबंध में प्रभारी सदर एसडीपीओ-1 ने फिलहाल कार्रवाई को प्रभावित होने का हवाला देते हुए बरामद ब्राउन शुगर की मात्रा और गिरफ्तार युवकों की पहचान समेत अन्य जानकारी सार्वजनिक करने से परहेज किया। उन्होंने बताया कि पुलिस की कार्रवाई जारी है और मामले में आगे और गिरफ्तारी हो सकती है।




