गुरूवार, नवम्बर 19, 2026

समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

SamastipurNEWSRailway

समस्तीपुर में असमाजिक तत्वों ने ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस पर किया पथराव; ट्रेन के इंजन का शीशा क्षतिग्रस्त, सहायक लोको पायलट भी हुआ जख्मी

paid hero ad 20250215 123933 1 scaled

समस्तीपुर/दलसिंहसराय : सोनपुर रेल मंडल के समस्तीपुर-दलसिंहसराय रेलखंड पर नाजिरगंज स्टेशन एवं बसढिया हॉल्ट के बीच गुरुवार को असामाजिक तत्वों ने ग्वालियर-बरौनी मेल एक्सप्रेस पर पथराव कर दिया। अचानक हुए पथराव में ट्रेन के सहायक लोको पायलट कर्णवीर कुणाल शायक जख्मी हो गए। वहीं, पथराव से ट्रेन के इंजन का शीशा भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद रेल परिचालन एवं रेलकर्मियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 11123 ग्वालियर-बरौनी मेल एक्सप्रेस गुरुवार को बरौनी की ओर जा रही थी।

इसी दौरान अपराह्न करीब 12:20 बजे दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के बसढ़िया स्थित 38 नंबर रेलवे गुमटी और उजियारपुर थाना क्षेत्र के जनकपुर स्थित 39 नंबर रेलवे गुमटी के बीच ट्रेन पर असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। अचानक हुए हमले में इंजन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया और सहायक लोको पायलट को चोटें आईं। घटना के बाद ट्रेन के दलसिंहसराय रेलवे स्टेशन पहुंचने पर घायल सहायक लोको पायलट की प्राथमिक चिकित्सा कराई गई। इस दौरान ट्रेन करीब 10 मिनट तक स्टेशन पर रुकी रही। चिकित्सा के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।

IMG 20261105 WA0012

इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए दलसिंहसराय स्टेशन अधीक्षक मो. सिकंदर ने घटना को लेकर आरपीएफ और जीआरपी को मेमो भेजा है। मेमो के आधार पर दोनों सुरक्षा एजेंसियां मामले में आगे की कार्रवाई में जुट गई हैं। पथराव करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, रेलवे ट्रैक के समीप स्थित पुलिया के नीचे अक्सर नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। आशंका जताई जा रही है कि उन्हीं में से कुछ लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया होगा। हालांकि, पथराव में शामिल लोगों की पहचान और घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बहरहाल – रनिंग थ्रू ट्रेन पर पथराव कर रेल परिचालन एवं रेल यात्रियों की सुरक्षा की दिशा में खतरा बने असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की दिशा में रेलवे की सुरक्षा एजेंसियों का सक्रिय रहना बताया गया है।

IMG 20240904 WA0139

FB ADD scaled

IMG 20260516 WA0116

20201015 075150