गैरेज से लोहे का सामान चोरी करने के आरोप में युवक गिरफ्तार, चोरी का पांच जैक भी बरामद

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाने की पुलिस ने चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए जितवारपुर हसनपुर से एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान जितवारपुर हसनपुर निवासी वीरू पासवान के पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से चोरी के पांच जैक भी बरामद किए हैं। बताया जाता है कि कुछ समय पूर्व आरोपित ने जितवारपुर हसनपुर स्थित एक गैरेज से लोहे का सामान चोरी कर लिया था। घटना के बाद गैरेज संचालक ने इस संबंध में मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चोरी के मामले का आरोपित अपने घर के आसपास मौजूद है। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी के पांच जैक बरामद किए गए। इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।




