दलसिंहसराय में तेज रफ्तार टेंकरोली ने दो दोस्तों को रौंद करीब 100 मीटर तक घसीटते ले गई, मौके पर ही दोनों की मौ’त

समस्तीपुर/दलसिंहसराय : समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-28 स्थित बल्लौचक चौक के समीप मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। मृतकों की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के चांदचौर मथुरापुर वार्ड संख्या-13 निवासी लालो दास के 24 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार तथा राम प्रीत राम के 23 वर्षीय पुत्र रितेश कुमार राम के रूप में हुई है।
बताया गया है कि सोनू कुमार जालंधर में रहकर काम करता था और अपनी चचेरी बहन की शादी में शामिल होने 2 मई को गांव आया था। परिजनों के अनुसार मंगलवार को सोनू अपने दोस्त रितेश के साथ दलसिंहसराय रेलवे स्टेशन टिकट कटाने गया था। टिकट बनवाने के बाद दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान बल्लौचक चौक के समीप पीछे से आ रही तेज रफ्तार तेल टेंकरोली ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद टेंकरोली करीब 100 मीटर तक शवों को घसीटता चला गया। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही दलसिंहसराय थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। सोनू चार भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था, जबकि रितेश पांच भाइयों और दो बहनों में तीसरे स्थान पर था। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ था।





