समस्तीपुर जिले के पुलिस निरीक्षकों के साथ मिथिला प्रक्षेत्र की DIG ने की मासिक कार्यों की समीक्षा
समस्तीपुर : मिथिला प्रक्षेत्र की डीआईजी डॉ. स्वप्ना गौतम मेश्राम ने सोमवार को समस्तीपुर, दरभंगा एवं मधुबनी जिलों के सभी पुलिस निरीक्षकों के साथ मासिक कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। समीक्षा के क्रम में डीआईजी ने धारा 107 बीएनएस के तहत की जाने वाली कार्रवाई को प्रभावी ढंग से बढ़ाने का निर्देश दिया। साथ ही परिवीक्ष्यमान पुलिस अवर निरीक्षकों को हत्या, लूट जैसे गंभीर एवं महत्वपूर्ण कांडों के अनुसंधान का दायित्व सौंपने, महत्वपूर्ण मामलों में शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा जब्ती सूची स्वयं तैयार करने पर विशेष बल दिया।
डीआईजी ने पुलिस निरीक्षक स्तर के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे थानावार दैनिकी कांडों की नियमित समीक्षा करें। इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का भी आदेश दिया गया। इसके अलावा सभी पुलिस निरीक्षकों को अपने अधीनस्थ थानों के स्टेशन डायरी का सूक्ष्म एवं नियमित अवलोकन करने, पाई गई त्रुटियों से संबंधित प्रतिवेदन तैयार कर वरीय पुलिस पदाधिकारियों को भेजने के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने स्पष्ट किया कि अनुशासित, जवाबदेह और प्रभावी पुलिसिंग ही कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने का आधार है।

