समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

SamastipurNEWS

अंतिम गेंद पर चौका जड़ मगध ने रचा इतिहास, पटना को हराकर बना चैंपियन; समस्तीपुर में चल रहे चार दिवसीय राज्य स्तरीय अंडर-14 अंतर प्रमंडलीय क्रिकेट प्रतियोगिता संपन्न

IMG 20261121 WA0050

समस्तीपुर : जीत के लिए आखिरी गेंद पर दो रनों की दरकार थी और मैदान पर सांसें थमी हुई थीं। ऐसे निर्णायक क्षण में मगध प्रमंडल के बल्लेबाज हिमांशु यादव ने पॉइंट की दिशा में शानदार चौका लगाकर अपनी टीम को चैंपियन बना दिया। पटेल मैदान में रविवार को खेले गए राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडलीय अंडर-14 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में मगध ने पटना प्रमंडल को पांच विकेट से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। आखिरी गेंद तक चले इस रोमांचक मुकाबले ने प्रतियोगिता के समापन को यादगार बना दिया।

फाइनल में पहले बल्लेबाजी करने उतरी पटना प्रमंडल की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 137 रन बनाए। टीम की ओर से यश ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 76 रनों की शानदार पारी खेली। कुमार रोचक ने 26 और अभिनव प्रकाश ने 16 रन बनाकर स्कोर को मजबूती दी। मगध की ओर से अंकुश कुमार ने दो विकेट हासिल किए। 138 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मगध की टीम ने धैर्य और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया।

IMG 20261105 WA0012

paid hero ad 20250215 123933 1 scaled

हिमांशु यादव ने 30 गेंदों पर 50 रनों की शानदार पारी खेलकर जीत की नींव रखी। आर्यन कुमार ने 22, अंकुश कुमार ने 15 और गौरव कुमार ने 13 रनों का योगदान दिया। मुकाबला आखिरी गेंद तक खिंचा और अंतिम गेंद पर हिमांशु के चौके के साथ मगध ने पांच विकेट पर 140 रन बनाकर खिताब अपने नाम कर लिया। पटना की ओर से अवनीश आनंद, विराट यादव, पार्थ और कप्तान मयंक कुमार ने एक-एक विकेट चटकाए।

फाइनल के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने विजेता मगध और उपविजेता पटना प्रमंडल की टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए मगध के हिमांशु यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, पूरे टूर्नामेंट में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले पटना के अवनीश आनंद को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला। पटना के यश को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज तथा अवनीश आनंद को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

IMG 20240904 WA0139

इस अवसर पर प्रतियोगिता को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी निर्णायकों, तकनीकी पदाधिकारियों और तकनीकी सहायकों को भी मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। फाइनल मुकाबले में मुजफ्फरपुर के सन्नी वर्मा और खगड़िया के मनोहर कुमार ने निर्णायक की भूमिका निभाई। गौरतलब है कि खेल विभाग, बिहार सरकार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला प्रशासन और जिला खेल विभाग, समस्तीपुर द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में बिहार के नौ प्रमंडलों पटना, तिरहुत, दरभंगा, पूर्णिया, मुंगेर, भागलपुर, कोसी, मगध और सारण की टीमों ने भाग लिया।

26 से 29 नवंबर तक आयोजित नॉकआउट प्रतियोगिता में कुल आठ मुकाबले खेले गए। शुरुआती दौर से लेकर सेमीफाइनल तक कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। सेमीफाइनल में पटना ने तिरहुत को चार रनों से और मगध ने सारण को सात रनों से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। खिताबी मुकाबले में अंतिम गेंद पर मिली जीत के साथ मगध ने प्रतियोगिता का समापन चैंपियन के रूप में किया।

FB ADD scaled

IMG 20261123 WA0036

IMG 20260516 WA0116

20201015 075150