मुसरीघरारी में बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना, 6 ताले काटकर 18 लाख के जेवरात व नगदी ले उड़े चोर

समस्तीपुर/मुसरीघरारी : मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के हरपुर एलौथ वार्ड 44 में चोरों ने एक बंद मकान में बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। अज्ञात चोरों ने मकान के आगे और पीछे के गेट सहित चार कमरों के कुल छह ताले काटकर करीब 18 लाख रुपये के आभूषण और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। चोरी की जानकारी रविवार को उस समय मिली, जब बगल के एक ग्रामीण मकान के पीछे की ओर गया। वहां पिछला गेट खुला देखकर उसे संदेह हुआ। आगे के दरवाजे पर भी ताले की जगह कपड़ा लपेटा हुआ था। जांच करने पर ताला कटा मिला।


इसके बाद घर में चोरी होने की जानकारी हुई। ग्रामीणों ने तत्काल मकान मालिक और मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह को इसकी सूचना दी। बताया जाता है कि मकान मो. कासिम का है। परिवार के सदस्य कारोबार के सिलसिले में कोलकाता और हैदराबाद में रहते हैं। घर में मो. कासिम की पत्नी जिन्नत परवीन तथा दोनों बहुओं नगमा खातून और तबस्सुम फिरोजी के आभूषण रखे हुए थे। हाल ही में दोनों बेटों की शादी हुई थी। शादी के दौरान मिले सोने-चांदी के जेवर भी इसी मकान में रखे थे। परिजनों के मुताबिक चोर करीब 11 भर सोने के आभूषण, लगभग एक किलो चांदी के जेवर और एक लाख 20 हजार रुपये नगद लेकर फरार हो गए। चोरी किये गए सामान की कुल कीमत करीब 18 लाख रुपये आंकी गई है। घटना की सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है।





