वास्तु विहार में इंजीनियर और काॅलेज कर्मी के अलग-अलग घरों में 24 लाख से अधिक के आभूषण व नगद की चोरी

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। वास्तु विहार परिसर में चोरों ने एक ही परिसर के दो बंद मकानों में एक ही रात हाथ साफ कर दिया। घरों में किसी के नहीं रहने का फायदा उठाकर चोरों ने ताले तोड़े और सोने-चांदी के गहने, हीरे के आभूषण व नगदी समेत 24 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी कर ली। रविवार को दोनों परिवारों को घटना की जानकारी वापस लौटने पर हुई। एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की वारदात कैद हो गई है। बताया जाता है कि चोरों ने सबसे पहले घरों के मुख्य दरवाजों के ताले तोड़े। इसके बाद अंदर प्रवेश कर कमरों और अलमारियों को खंगाला। घटना को अंजाम देने के बाद चोर आराम से निकल गए।
वास्तु विहार में इंजीनियर और काॅलेज कर्मी के अलग-अलग घरों में 24 लाख से अधिक के आभूषण व नगद की चोरी
मामले की जांच में जुटी पुलिस, FSL की टीम ने लिये फिंगर प्रिंट
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात, समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र की घटना pic.twitter.com/AbG1u68fmm
— Samastipur Town (@samastipurtown) November 29, 2026
पहले पीड़ित पीड़ित की पहचान पीएचईडी विभाग के इंजीनियर विभाकर कुमार के रूप में की गई है। उनकी पोस्टिंग दरभंगा में है, जबकि पत्नी सीडीपीओ हैं। परिवार के साथ बाहर रहने के कारण मकान बंद था। रविवार की सुबह घर पहुंचने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर अलमारी से करीब चार लाख रुपये के सोने के आभूषण और 10 हजार रुपये नगद गायब मिले।


वहीं, इसी परिसर में रहने वाले दूसरे पीड़ित समस्तीपुर कॉलेज के कर्मी रवि कुमार के मकान में भी चोरी हुई। वे परिवार के साथ वैष्णो देवी गए हुए थे। वापस लौटने पर घर का ताला टूटा और कमरों का सामान बिखरा मिला। चोर उनके घर से करीब 35 हजार रुपये नगद, सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र, हीरे के आभूषण समेत लगभग 20 लाख रुपये के कीमती सामान ले गए।

दोनों मकानों में चोरी की खबर फैलते ही परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पीड़ितों ने इसकी सूचना मुसरीघरारी थाने की पुलिस को दी। थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। बाद में फॉरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र कराए गए। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्रित किये। इधर, इंजीनियर विभाकर कुमार के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।

इधर लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के लोगों की नींद उड़ा दी है। खासकर बंद मकानों को निशाना बनाए जाने से बाहर जाने वाले परिवारों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से नियमित गश्ती तेज करने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पीड़ितों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।



