समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

SamastipurNEWS

ठगी की रकम खपाने वाले 2 हजार 782 बैंक अकाउंट समस्तीपुर साइबर पुलिस के रडार पर

IMG 20261121 WA0050

समस्तीपुर : साइबर अपराध के जरिए लोगों से ठगी कर अवैध रूप से रुपये का लेन-देन करने वाले अपराधियों के खिलाफ समस्तीपुर साइबर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। साइबर अपराध में इस्तेमाल किए जा रहे 2782 संदिग्ध म्यूल बैंक अकाउंट को पुलिस ने चिह्नित किया है। इन बैंक अकाउंट में कई करोड़ रुपये की राशि होल्ड है। इन संदिग्ध खातों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए साइबर पुलिस की ओर से साइबर प्रहार अभियान 5.0 शुरू किया गया है। अभियान के तहत संदिग्ध बैंक अकाउंटों की पहचान करने के साथ ही उन्हें बंद कराने और खाता धारकों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

साइबर डीएसपी दुर्गेश दीपक ने बताया कि अब तक जिले में कुल 2782 म्यूल बैंक खातों को चिह्नित किया गया है। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम को एक जगह से दूसरी जगह ट्रांसफर करने के लिए किया जा रहा था। साइबर अपराधी आम लोगों के बैंक अकाउंट का इस्तेमाल कर ठगी की रकम का लेन-देन करते हैं। ऐसे खातों को म्यूल अकाउंट कहा जाता है। पुलिस की ओर से इन खातों से जुड़े लेन-देन और खाताधारकों की गतिविधियों की जांच की जा रही है।

paid hero ad 20250215 123933 1 scaled

साइबर डीएसपी ने बताया कि चिह्नित म्यूल अकाउंटों के खिलाफ कार्रवाई भी चल रही है। कई संदिग्ध खातों को बंद कराया गया है। वहीं, कुछ मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी भी की गई है। साइबर पुलिस का उद्देश्य साइबर ठगी के पैसों के लेन-देन पर रोक लगाने के साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचना है।

सिम विक्रेताओं पर भी रखी जा रही नजर :

साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस केवल बैंक अकाउंटों तक ही सीमित नहीं है। संदिग्ध मोबाइल नंबर और सिम कार्ड के इस्तेमाल को लेकर भी निगरानी की जा रही है। साइबर पुलिस की ओर से सिम विक्रेताओं की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सिम जारी करने और उनके माध्यम से साइबर अपराध को अंजाम देने वालों पर कार्रवाई की जा सके।

IMG 20240904 WA0139

सोशल मीडिया पर भी कार्रवाई :

साइबर पुलिस की ओर से सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे आपत्तिजनक और नियम विरुद्ध कंटेंट के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सैकड़ों आपत्तिजनक पोस्ट को टेक-डाउन कराया है। इसके अलावा कई सोशल मीडिया खातों को भी डिलीट कराया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को गुमराह करने, भ्रम फैलाने और साइबर अपराध को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों पर रोक लगाना है। साइबर डीएसपी दुर्गेश दीपक ने बताया कि साइबर अपराध के बदलते तरीकों को देखते हुए पुलिस लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही है। साइबर प्रहार अभियान 5.0 के तहत संदिग्ध बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच आगे भी जारी रहेगी। पुलिस का प्रयास है कि साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

FB ADD scaled

जानिए म्यूल अकाउंट होता क्या है :

मान लीजिए किसी साइबर ठग ने फोन करके एक व्यक्ति से 5 लाख रुपये ठग लिए। अब ठग सीधे अपने बैंक खाते में यह रकम नहीं मंगवाना चाहेगा, क्योंकि ऐसा करने पर उसकी पहचान तक पहुंचना आसान हो सकता है। इसके बजाय वह किसी दूसरे व्यक्ति का बैंक खाता इस्तेमाल करता है। ठगी का पैसा उस खाते में आता है और फिर वहां से किसी दूसरे खाते में भेज दिया जाता है। कई बार रकम को इस तरह कई खातों में घुमाया जाता है ताकि पुलिस के लिए पैसे की पूरी कड़ी तक पहुंचना मुश्किल हो जाए। ऐसे खातों को म्यूल अकाउंट कहा जाता है। कई बार ठग लोगों को कमीशन, नौकरी या घर बैठे कमाई का लालच देकर उनका बैंक खाता इस्तेमाल करने के लिए तैयार करते हैं। कुछ लोग जानबूझकर अपना खाता देते हैं, तो कुछ को पता भी नहीं होता कि उनके खाते का इस्तेमाल किसी अपराध में हो रहा है।

IMG 20261123 WA0036

बयान :

साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए साइबर प्रहार अभियान 5.0 के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिले में अब तक 2782 म्यूल बैंक खातों को चिह्नित किया गया है। संदिग्ध खातों को बंद कराने के साथ खाताधारकों के विरुद्ध प्राथमिकी, नोटिस और गिरफ्तारी की कार्रवाई भी की जा रही है। फर्जी सिम और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। साइबर अपराध में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

दुर्गेश दीपक, साइबर डीएसपी, समस्तीपुर

IMG 20260516 WA0116

20201015 075150