DAV की टीम ने दो स्पर्धाओं में मारी बाजी, जिला स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता के चौथे दिन विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन

समस्तीपुर : जिला स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता के चौथे दिन गुरुवार को विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन हुआ। राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के अंतिम दिन पटेल मैदान, जिला खेल भवन और पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल परिसर में फुटबॉल, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, कुश्ती व हॉकी के चयन ट्रायल कराए गए। पटेल मैदान में अंडर-17 बालक-बालिका वर्ग की फुटबॉल प्रतियोगिता हुई। जिला खेल भवन में कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं, पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल परिसर में अंडर-17 वॉलीबॉल व हैंडबॉल प्रतियोगिता के साथ हॉकी का खुला चयन ट्रायल हुआ।

अंडर-17 हैंडबॉल के बालक वर्ग में डीएवी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिरला ओपन माइंड को हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। इसके बाद अंडर-17 वॉलीबॉल बालक वर्ग में भी डीएवी ने उच्च माध्यमिक विद्यालय हसौली कोठी, उजियारपुर को पराजित कर खिताब जीता। लगातार दो स्पर्धाओं में जीत दर्ज कर डीएवी ने दोहरा खिताब अपने नाम किया। अब शुक्रवार को अंडर-14 फुटबॉल समेत अन्य स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। तीन अक्टूबर को अंडर-17 वर्ग के चयनित क्रिकेट खिलाड़ियों का ट्रायल मैच होगा। चार अक्टूबर को अंडर-14 वर्ग के चयनित क्रिकेट खिलाड़ियों का ट्रायल मैच कराया जाएगा। इसके बाद प्रमंडल स्तरीय खुले चयन ट्रायल में भाग लेने वाली जिला टीम की अंतिम घोषणा की जाएगी।




