समस्तीपुर : बिना लाइसेंस के चल रही दवा दुकान पर छापेमारी, 140 प्रकार की दवाएं जब्त

समस्तीपुर/शिवाजीनगर : समस्तीपुर जिले के शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत रहियार उत्तर पंचायत के बेला चौक पर मंगलवार को बिना लाइसेंस संचालित दवा दुकान के विरुद्ध औषधि विभाग की टीम ने छापेमारी की। नियमित जांच के दौरान बिना लाइसेंस दवा दुकान संचालित किए जाने की जानकारी मिलने के बाद ड्रग इंस्पेक्टरों की टीम ने अनुराग मेडिकल हॉल में कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान दुकान से करीब 140 प्रकार की विभिन्न दवाएं बरामद कर जब्त की गईं। टीम ने दो संदिग्ध दवाओं के नमूने भी जांच के लिए लिए हैं। बरामद सभी दवाओं को सील कर औषधि विभाग की टीम अपने साथ ले गई।
जानकारी के अनुसार चितौडा़ गांव के वार्ड सात निवासी विनय कुमार के पुत्र अनुराग कुमार द्वारा बेला चौक पर अनुराग मेडिकल हॉल का संचालन किया जा रहा था। नियमित निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों को दुकान के बिना लाइसेंस संचालित होने की जानकारी मिली। इसके बाद औषधि विभाग की टीम ने मंगलवार को दुकान पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान दुकान में रखी विभिन्न प्रकार की दवाओं के संबंध में आवश्यक दस्तावेज और लाइसेंस की जानकारी ली गई। लाइसेंस नहीं मिलने पर टीम ने दुकान में रखी दवाओं की जांच-पड़ताल शुरू कर दी।


बताया गया कि दोपहर करीब दो बजे शुरू हुई छापेमारी शाम करीब 6:30 बजे तक चली। इस दौरान दुकान में मौजूद दवाओं की बारीकी से जांच की गई। अलग-अलग प्रकार की करीब 140 दवाओं को विभागीय टीम ने जब्त किया। इसके अलावा दो संदिग्ध दवाओं के नमूने भी लिए गए, जिन्हें आगे की जांच के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है। जब्त की गई सभी दवाओं को सील कर दिया गया और औषधि विभाग की टीम उन्हें अपने साथ ले गई।

छापेमारी की कार्रवाई ड्रग इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार सिंह, अमित कुमार एवं रमेश कुमार प्रेमी के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई के दौरान शिवाजीनगर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, पुलिस पदाधिकारी शैलेश कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। पुलिस बल की मौजूदगी में विभागीय अधिकारियों ने दुकान की जांच और दवाओं की जब्ती की प्रक्रिया पूरी की।

औषधि विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बिना वैध लाइसेंस दवाओं की बिक्री करना नियमों के विरुद्ध है। विभाग द्वारा नियमित रूप से दवा दुकानों की जांच की जा रही है, ताकि बिना अनुमति दवा बिक्री करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों ने बताया कि जब्त दवाओं एवं लिए गए नमूनों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी के बाद क्षेत्र में बिना लाइसेंस दवा कारोबार करने वाले दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।



