बुधवार, नवम्बर 18, 2026

समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

SamastipurNEWS

समस्तीपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक दुर्घटना में एक साथ 3 युवकों की मौत के बाद सड़क जामकर आगजनी 

paid hero ad 20250215 123933 1 scaled

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के मोरवा प्रखंड अंतर्गत सोंगर पंचायत के मिर्जापुर गांव में भीषण सड़क हादसे में गांव के एक साथ तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. जिस घर में कुछ दिन पहले तक पर्व-त्योहार की तैयारियां और उल्लास का माहौल था, वहां अब अपनों की चीत्कार और रोने-बिलखने की आवाजें गूंज रही हैं. तीनों युवकों की असमय मौत ने न केवल उनके हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ कर रख दिया है, बल्कि पूरे गांव को अंदर तक झकझोर कर दिया है.

इकलौते बेटे विकास की मौत से टूटा परिवार, दादा का छलका दर्द

मृतक विकास राम अपने परिवार का इकलौता चिराग था.परिवार के बुजुर्गों ने उसी से अपने भविष्य की तमाम उम्मीदें पाल रखी थीं.घर की कमजोर आर्थिक जिम्मेदारियों और बुजुर्गों के बुढ़ापे का एकमात्र सहारा बनने की उम्मीद भी उसी पर टिकी थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था.विकास के दादा हरिलाल राम का दर्द देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं.उन्होंने रुंधे गले से बताया कि जिस पोते के कंधे पर बैठकर वे अपनी अंतिम यात्रा की कल्पना करते थे, आज उसी पोते को अपने ही हाथों मुखाग्नि देनी पड़ी है.

IMG 20261105 WA0012

दोस्तों के साथ निकलना पड़ा भारी, छठ घाट की सजावट छोड़ गया था दीपक :

वहीं, एक अन्य मृतक दीपक कुमार के पिता शंभू दास ने भारी मन से बताया कि गांव के छठ घाट की सजावट की मुख्य जिम्मेदारी दीपक को ही सौंपी गई थी.लेकिन दोस्तों के आग्रह पर वह उनके साथ बाइक पर सवार होकर घर से निकल गया था.परिजनों को यह जरा भी अंदाजा नहीं था कि दोस्तों के साथ बाइक पर निकला उनका बेटा अब कभी भी जीवित लौटकर घर वापस नहीं आएगा.मृतक नवीन के पिता सुरेश दास ने भी इस दुखद हादसे के लिए बुरी संगति और दोस्तों के साथ जाने को जिम्मेदार ठहराया.उनका कहना था कि यदि उस वक्त तीनों युवक अपने परिजनों की बात मान लेते, तो शायद आज यह भयानक दिन नहीं देखना पड़ता.

IMG 20240904 WA0139

एक साथ उठी तीन अर्थियां, चंदौली हाट के पास ग्रामीणों ने किया सड़क जाम :

मंगलवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब नवीन और अन्य युवकों के शव गांव पहुंचे, तो पूरा माहौल गमगीन हो गया और परिजनों की चीख-पुकार से आसमान गूंज उठा.घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने चंदौली हाट के समीप मुख्य सड़क पर टायर जलाकर आवागमन ठप कर दिया और विरोध प्रदर्शन किया.हालांकि, बाद में स्थानीय प्रबुद्ध लोगों और पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ और आवागमन बहाल किया गया.एक साथ तीन अर्थियां उठने से पूरे गांव की आंखें नम हैं और घरों में सन्नाटा पसरा हुआ है.

FB ADD scaled

IMG 20260516 WA0116

20201015 075150