अवैध शराब कारोबारी प्रभात चौधरी और उसके सहयोगी सन्नी ह’त्याकांड में दो आरोपित रिमांड पर, पूछताछ में समस्तीपुर पुलिस को मिली अहम जानकारी

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के चकमेहसी थाना क्षेत्र के नामापुर में बीते दिनों हुए अवैध शराब कारोबारी प्रभात चौधरी हत्याकांड की जांच में पुलिस को आरोपितों से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। कोर्ट में आत्मसमर्पण करने के बाद पुलिस ने विशनपुर थाना क्षेत्र के डघरौल निवासी अखिलेश राय और बाजरा को रिमांड पर लिया। चकमेहसी पुलिस ने दोनों से पूछताछ कर घटना के कारणों और उनकी भूमिका के संबंध में जानकारी जुटाई। पूछताछ में प्रभात चौधरी के साथ शराब कारोबार में लेनदेन को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है।
इसी विवाद को हत्या की वजह से जोड़कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस आरोपितों के बयानों को अंतिम तथ्य नहीं मान रही है और उपलब्ध साक्ष्यों से उसका मिलान किया जा रहा है। पूछताछ के दौरान एक आरोपित ने प्रभात चौधरी की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार किए जाने की बात बताई, जबकि दूसरे आरोपित ने घटना में शामिल होने से इनकार किया है। दोनों के बयानों की पुलिस गहनता से जांच कर रही है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में किसकी क्या भूमिका थी और दोनों के बयानों की सच्चाई क्या है।


सदर एसडीपीओ-2 संजय कुमार ने बताया कि चकमेहसी पुलिस ने दोनों आरोपितों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की है। पूछताछ में हत्याकांड के अनुसंधान से जुड़ी अहम जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है, इसलिए फिलहाल पुलिस की ओर से अन्य जानकारियां साझा नहीं की जा सकती हैं। अब पुलिस की नजर हत्या के पीछे के विवाद, आरोपितों की वास्तविक भूमिका और दोहरे हत्याकांड से जुड़े साक्ष्यों पर है। रिमांड के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस मामले की आगे की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।





