पीएम सूर्य घर योजना के प्रचार-प्रसार के लिए प्रचार गाड़ी रवाना, समस्तीपुर कलेक्ट्रेट परिसर से DM ने दिखायी हरी झंडी

समस्तीपुर : प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को इसका लाभ दिलाने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता वाहन रवाना किया गया। डीएम रोशन कुशवाहा ने हरी झंडी दिखाकर प्रचार-प्रसार वाहन को रवाना किया। वाहन के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले अनुदान की जानकारी दी जाएगी।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को तीन किलोवाट तक के रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने पर केंद्र सरकार की ओर से अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। वहीं, बिहार सरकार की ओर से भी अतिरिक्त राज्य अनुदान का प्रावधान किया गया है। एक किलोवाट क्षमता पर 10 हजार रुपये तथा अतिरिक्त एक किलोवाट क्षमता पर 10 हजार रुपये, यानी अधिकतम 20 हजार रुपये का राज्य अनुदान मिलेगा।


इस तरह पात्र उपभोक्ताओं को केंद्र और राज्य सरकार से कुल 98 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता मिल सकती है। योजना 31 मार्च 2027 तक लागू है। जिलाधिकारी ने लोगों से जल्द आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि घर की छत पर सोलर संयंत्र लगाने से बिजली खर्च में बचत के साथ स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
पीएम सूर्य घर योजना के प्रचार-प्रसार के लिए प्रचार गाड़ी रवाना, समस्तीपुर DM ने हरी झंडी दिखायी#Samastipur #DistrictAdministration @DM_Samastipur @SEVA_NBPDCL pic.twitter.com/kOX8lUUNvU
— Samastipur Town (@samastipurtown) August 18, 2026
22 अगस्त तक बिजली बिल सुधार के लिए विशेष शिविर
इधर, ऊर्जा विभाग के निर्देश पर जिले में 17 से 22 अगस्त तक विद्युत विपत्र सुधार के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के सभी प्रखंडों के अलावा विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल, प्रमंडल और सेक्शन कार्यालयों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। शिविर में गलत मीटर रीडिंग, अधिक बिजली बिल अथवा बिल से जुड़ी अन्य त्रुटियों के सुधार के लिए उपभोक्ताओं से आवेदन लिए जा रहे हैं। प्राप्त आवेदनों का सत्यापन कर नियमानुसार शीघ्र निष्पादन किया जाएगा। जिला प्रशासन और विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली बिल में किसी तरह की गड़बड़ी होने पर निर्धारित अवधि में संबंधित कार्यालय के शिविर में आवेदन देकर समस्या का समाधान कराएं।






