समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर रेलखंड पर CCTV, सायरन और हरियाली से लैस होंगे रेल फाटक; रेलवे का मेगा मिशन शुरू

समस्तीपुर : रेलवे ने समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर रेलखंड पर स्थित विभिन्न समपार फाटकों को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और आकर्षक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। रेल प्रशासन ने समपार फाटकों के मरम्मत, सौंदर्यीकरण एवं सुरक्षा उन्नयन कार्यों के लिए 1 करोड़ 61 लाख 87 हजार 135 रुपये 60 पैसे की योजना को स्वीकृति प्रदान की है। योजना के अनुसार यह कार्य वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर (कार्य/लाइन), मुजफ्फरपुर के अधीन कराया जाएगा।
इसके लिए शीघ्र ही निविदा (टेंडर) जारी की जाएगी। चयनित एजेंसी को कार्यादेश मिलने के बाद छह माह के भीतर सभी कार्य पूरे करने होंगे।योजना के तहत समपार फाटकों पर सड़क सतह की मरम्मत, गेट लॉज का जीर्णोद्धार, फेंसिंग, पेंटिंग तथा अन्य आवश्यक विकास कार्य किए जाएंगे। निविदा प्रक्रिया में भाग लेने वाले संवेदकों के लिए 3 लाख 23 हजार 800 रुपये की बयाना राशि निर्धारित की गई है।

हरियाली और स्थानीय कला से बदलेगी फाटकों की तस्वीर
रेलवे के आधुनिकीकरण अभियान के तहत समपार फाटकों के आसपास के क्षेत्रों को भी विकसित किया जाएगा। खाली पड़ी भूमि पर आकर्षक पौधे, घास तथा औषधीय पौधों का रोपण किया जाएगा। वहीं गेट लॉज और आसपास की दीवारों पर स्थानीय कला, संस्कृति तथा रेलवे सुरक्षा से जुड़े संदेशों की चित्रकारी कर फाटकों को नया स्वरूप दिया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत
रेलवे ने समपार फाटकों की सुरक्षा बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया है। इसके तहत कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे, आधुनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम, सायरन और हूटर लगाए जाएंगे ताकि ट्रेन के आगमन से पहले सड़क यातायात को समय रहते सचेत किया जा सके। इसके अलावा गेटमैन और स्टेशन मास्टर के बीच बेहतर समन्वय के लिए आधुनिक दूरसंचार व्यवस्था भी विकसित की जाएगी। इस परियोजना के पूरा होने के बाद समस्तीपुर–मुजफ्फरपुर रेलखंड के समपार फाटक न केवल अधिक सुरक्षित होंगे, बल्कि उनकी सुंदरता और उपयोगिता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।



