समस्तीपुर : दोस्तों के साथ बूढ़ी गंडक नदी में नहाने के दौरान डूबा किशोर, SDRF द्वारा चलाए गये सर्च ऑपरेशन में देर शाम तक नहीं मिला कोई सुराग

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हकीमाबाद के पास रविवार को बूढ़ी गंडक नदी में नहाने के दौरान एक किशोर डूब गया। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाने की पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा किशोर की तलाश में अभियान शुरू कर दिया। हालांकि रविवार की शाम तक युवक का कुछ पता नहीं चल सका। अब सोमवार को फिर से सर्च अभियान चलाया जाएगा। नदी में डूबने वाला किशोर की पहचान जितवारपुर चौथ वार्ड संख्या-18 के मो. एचडी के पुत्र मो. अर्श (16 वर्ष) के रूप में की गई है।
#BREAKING : अभी-अभी बूढ़ी गंडक नदी में डूबा 16 वर्षीय एक किशोर, रेस्क्यू करने पहुंची SDRF की टीम, समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत हकीमाबाद घाट की घटना… pic.twitter.com/DujLKJSC1z
— Samastipur Town (@samastipurtown) June 7, 2026
जानकारी के अनुसार अर्श अपने तीन दोस्तों के साथ गंडक नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान वह नहाते-नहाते गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते नदी में डूब गया। अर्श के दोस्तों ने उसे डूबता देख बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन पानी के बहाव व गहराई के कारण वे सफल नहीं हो सके। घटना के बाद दोस्तों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय लोगों को दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन नदी किनारे पहुंच गए।

स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी देर तक खोजबीन की गई, लेकिन किशोर का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मुफस्सिल थाना पुलिस और एसडीआरएफ को सूचना दी गई। इस दौरान वहां मौजूद मो. नजरे आलम ने बताया कि मो. अर्श अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने आया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में परिजनों को सूचना देकर खोजबीन शुरू कराई गई।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि नदी किनारे ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। इधर मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि हकीमाबाद के समीप गंडक नदी में एक किशोर के डूबने की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस टीम मौके पर गयी थी। एसडीआरएफ के सहयोग से नदी में लगातार सर्च अभियान चलाया गया। देर शाम तक किशोर का पता नहीं चल सका है। अंधेरा होने के कारण अब सोमवार की सुबह सर्च अभियान चलाया जाएगा।



