समस्तीपुर ओवरब्रिज पर भारी वाहनों का प्रवेश रोक, वैकल्पिक व्यवस्था से होगी खाद्यान्न व LPG की आपूर्ति

समस्तीपुर : शहर के ओवरब्रिज की मरम्मत के कारण उत्पन्न यातायात व्यवस्था एवं आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर सोमवार को सदर एसडीओ दिलीप कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समस्तीपुर सदर प्रखंड के परिवहन अभिकर्ता, खाद्यान्न व्यवसायी संघ के प्रतिनिधि, सभी एलपीजी वितरक, पेट्रोल पंप संचालक तथा अनुमंडल क्षेत्र के सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य ओवरब्रिज की मरम्मत के दौरान खाद्यान्न, एलपीजी, पेट्रोल-डीजल समेत अन्य आवश्यक वस्तुओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा भारी वाहनों के आवागमन पर रोक के कारण वैकल्पिक मार्गों के संचालन की रणनीति तैयार करना था।

एसडीओ ने कहा कि ओवरब्रिज 50 वर्ष से अधिक पुराना हो चुका है और उसकी वर्तमान संरचनात्मक स्थिति को देखते हुए भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई गई है। ऐसे में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।

उन्होंने सभी परिवहन अभिकर्ताओं, खाद्यान्न व्यवसायियों, एलपीजी वितरकों और पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया कि आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होने दें। साथ ही यह सुनिश्चित करें कि आम उपभोक्ताओं को आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में मौजूद सभी प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने वैकल्पिक मार्गों के माध्यम से खाद्यान्न, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की नियमित आपूर्ति बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई। अनुमंडल प्रशासन ने आम लोगों को आश्वस्त किया कि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी परिस्थिति में जनसुविधाओं को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा तथा आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

