अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस पर पनासिया नर्सिंग कॉलेज में दीप प्रज्वलन एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित

समस्तीपुर/वारिसनगर : अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर मंगलवार को वारिसनगर प्रखंड के मन्नीपुर मंदिर के समीप स्थित पनासिया नर्सिंग कॉलेज के सभा कक्ष में “दीप प्रज्वलन एवं शपथ ग्रहण समारोह 2026” का आयोजन किया गया। समारोह का उद्घाटन बिहार विधानसभा के पूर्व मुख्य सचेतक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह को संबोधित करते हुए अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने कहा कि वर्ष 2026 में अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस की थीम “हमारी नर्सें, हमारा भविष्य : सशक्त नर्सें जीवन बचाती हैं” है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस हर वर्ष 12 मई को आधुनिक नर्सिंग की संस्थापक फ्लोरेंस नाइटिंगेल की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य समाज, अर्थव्यवस्था और संस्कृति में नर्सों के योगदान को सम्मान देना तथा वैश्विक स्तर पर उनके समर्थन और समावेश को बढ़ावा देना है।

उन्होंने नर्सिंग छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नर्स का अर्थ नोबल, अंडरस्टैंडिंग, रिस्पॉन्सिबल, सिंपैथेटिक और एफिशिएंट होता है। उन्होंने छात्राओं से न्याय, परोपकार, जवाबदेही, निष्ठा, स्वायत्तता, अहिंसा और सत्यनिष्ठा जैसे सात नैतिक सिद्धांतों को जीवन में अपनाने की अपील की।
जिला परिषद उपाध्यक्ष ठाकुर उदय शंकर ने कहा कि सेवा, समर्पण और सहानुभूति का दूसरा नाम ही नर्स है। उन्होंने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं और मरीजों की सेवा में उनकी भूमिका अतुलनीय है। समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

मौके पर एथेलेटिक्स संघ के जिलाध्यक्ष मो. रजीउल इस्लाम रिज्जू, जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर, जिला पार्षद हेमंत यादव, शिक्षाविद मो. अंजुम, मुख्य प्रबंधक मो. कमर जावेद, डायरेक्टर मो. शरीफ आलम उस्मानी, प्रशासनिक अधिकारी रोशन शरण, प्रिंसिपल सयुज कुमार विश्वास, वाइस प्रिंसिपल शिवशंकर शर्मा, समाजसेवी एहसानुल हक चुनें, मो. तबरेज, मो. अरमान अली, मो. तौफीक उमर, राजद नेता राकेश कुमार राय, सहायक प्रोफेसर स्मिता जोशेफ सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद थे।




