समस्तीपुर समेत उत्तर बिहार के जिलों में मौसम रहेगा साफ व शुष्क, तापमान में आएगी हल्की गिरावट

समस्तीपुर : डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र और भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी 14 से 18 नवंबर 2026 तक के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर बिहार के जिलों में इन दिनों मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क रहने की संभावना है. बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे किसानों और आम जनजीवन को काफी राहत मिलेगी. इस अवधि के दौरान तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.
पूर्वानुमान के मुताबिक, इस अवधि के दौरान उत्तर बिहार में अधिकतम तापमान 27 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. वहीं, न्यूनतम तापमान 17 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है. तापमान में इस हल्की गिरावट के कारण अब सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक का अहसास धीरे-धीरे बढ़ने लगा है.

हवा की गति और आर्द्रता की स्थिति
मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान मुख्य रूप से पछिया हवा यानी पश्चिम दिशा से चलने वाली हवा 2 से 5 किलोमीटर प्रति घंटा की धीमी गति से चलने की संभावना है. सुबह के समय हवा में नमी की यानी आर्द्रता की मात्रा अधिक यानी 80% से 85% तक रहने की संभावना है, जबकि दोपहर के वक्त तेज धूप निकलने के कारण यह घटकर 40% से 45% तक रह जाएगी.

किसानों और आमजन के लिए मौसम का असर
मौसम के साफ और शुष्क रहने से किसानों को अपनी फसलों की कटाई और रख-रखाव के कार्यों में सहूलियत होगी. सुबह के समय हल्की ठंड और कोहरे की हल्की शुरुआत के साथ ही अब लोगों ने सर्दियों के कपड़ों की तैयारी शुरू कर दी है. कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि वे मौसम को ध्यान में रखते हुए अपने कृषि कार्यों की योजना बनाएं.



