छठ मनाने गुजरात से समस्तीपुर लौटे 17 वर्षीय किशोर की गला काटकर ह’*त्या से सनसनी, सुबह-सुबह गाछी में मिला शव

समस्तीपुर/पटोरी : समस्तीपुर जिले के पटोरी थाना क्षेत्र के धमौन गांव में एक 17 वर्षीय किशोर की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। शुक्रवार की रात घर से निकले युवक का शव शनिवार अहले सुबह गांव के लाला गाछी में मिला। मृतक की पहचान धमौन निवासी राजनीति राय के पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। अपराधियों ने धारदार हथियार से उसकी हत्या की है। उसके शरीर पर भी कई जगह जख्म के निशान मिले हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पटोरी एसडीपीओ वीरेंद्र कुमार मेधावी और थानाध्यक्ष अनिल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। वहीं, डॉग स्क्वायड की टीम भी जांच में सहयोग करेगी।

बताया जाता है कि दीपक गुजरात में एक निजी कंपनी में काम करता था। छठ महापर्व में शामिल होने के लिए करीब दस दिन पहले ही वह गांव आया था। शुक्रवार रात लगभग आठ बजे उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया था, जिसके बाद वह घर से निकल गया। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश को लेकर चिंतित थे। शनिवार सुबह उसकी हत्या की खबर मिली।
घटनास्थल पर कई जगह खून के निशान पाए गए हैं। इसके अलावा वहां एक चप्पल भी मिली है, जिसे पुलिस जांच के महत्वपूर्ण बिंदु के रूप में देख रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ युवक के मोबाइल फोन और उसके संपर्कों की भी जानकारी जुटा रही है।

स्थानीय स्तर पर यह भी जानकारी सामने आई है कि मृतक पूर्व में कुछ आपराधिक गतिविधियों और नशे के अवैध कारोबार से जुड़ा रहा था। इसी वजह से परिजनों ने उसे गांव से बाहर भेज दिया था। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। इस संबंध में एसडीपीओ वीरेंद्र कुमार मेधावी ने बताया कि एफएसएल टीम को बुलाया गया है और डॉग स्क्वायड के पहुंचने की सूचना है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है।



