समस्तीपुर सदर अनुमंडल क्षेत्र में 5 छठ घाट प्रतिबंधित, जिला प्रशासन ने जारी की सूची
समस्तीपुर : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर सदर अनुमंडल क्षेत्र के प्रतिबंधित घाटों की सूची जारी की है। प्रशासन की ओर से जारी सूची में नगर निगम समस्तीपुर क्षेत्र के पांच घाटों को शामिल किया गया है। इन घाटों पर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के जाने पर रोक रहेगी। जारी सूची के अनुसार, प्रतिबंधित घाटों में नगर निगम क्षेत्र का प्रसाद घाट, वार्ड संख्या-17 स्थित जितवारपुर यादव डीह घाट, वार्ड संख्या-17 का राम घाट, वार्ड संख्या-25 का चीनी मिल घाट तथा वार्ड संख्या-02 का राम जानकी घाट शामिल हैं। छठ महापर्व के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने इन घाटों को प्रतिबंधित घोषित किया है। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रतिबंधित घाटों पर अर्घ्य देने के लिए नहीं जाएं तथा सुरक्षित और निर्धारित छठ घाटों पर ही पूजा-अर्चना करें।


