समस्तीपुर : सांप काटने से मृत घोषित युवती की श्मशान में अंतिम संस्कार से पहले लौटी सांस, जल्द ही होने वाली थी शादी
समस्तीपुर/पूसा : समस्तीपुर जिले के पूसा प्रखंड के चकले वैनी पंचायत की एक युवती को शनिवार को सांप ने डंस लिया। परिजन उसे सर्पदंश के इलाज के लिए मुजफ्फरपुर ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत करार दिया। मायूस परिजन शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे। इसी बीच युवती के शरीर में हरकत हुई और उसकी सांस लौट आई। चकले वैनी पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि अरूण कुमार शर्मा उर्फ मुन्ना के अनुसार वार्ड-11 निवासी 22 वर्षीय युवती को सुबह करीब 9.30 बजे सांप ने डंसा था। परिजन ने भुसकौल गांव ले जाकर पहले झाड़-फूंक कराया। हालत बिगड़ती देख युवती को मुजफ्फरपुर ले जाया गया।
वहां डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित करने पर परिजन निराश होकर गांव लौट आए। शाम करीब पांच बजे शव को जमुआरी नदी के निकट जोगी स्थान श्मशान घाट ले जाया गया। वहां गड्ढा खोदने का काम चल रहा था। इसी बीच युवती सांस लेने लगी। ग्रामीणों के अनुसार युवती अब पूरी तरह ठीक है। युवती की जल्द ही शादी होने वाली है। इलाके में इस घटना की खासी चर्चा है।

