समस्तीपुर के डीएम ने किया EVM और VVPAT गोदाम का निरीक्षण, 24 घंटे CCTV निगरानी और सुरक्षा बलों की तैनाती का किया सत्यापन

समस्तीपुर : भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के आलोक में डीएम सह जिला निर्वाचन अधिकारी रोशन कुशवाहा ने शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मुख्य ईवीएम एवं वीवीपीएटी गोदाम का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोदाम की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, अग्निशमन उपकरणों तथा तकनीकी स्थिति की गहनता से जांच की। परिसर में तैनात सुरक्षा बलों की उपस्थिति का सत्यापन किया और सीसीटीवी कैमरों की 24 घंटे की रिकॉर्डिंग व्यवस्था को देखा।
उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए। मशीनों के व्यवस्थित रखरखाव, नमी से बचाव, तापमान नियंत्रण और गोदाम परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। इस दौरान गोदाम में अधिकृत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवागमन हेतु संधारित की जाने वाली लॉग बुक की जांच की गई और सभी प्रविष्टियों को अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया। उन्होंने आपात स्थिति से निपटने के लिए लगाए गए अग्निशमन यंत्रों की कार्यशीलता तथा वैधता की जांच की।

सुरक्षा प्रबंधों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग के सभी मानकों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है। उन्होंने निरीक्षण रिपोर्ट को ससमय भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजने का निर्देश दिया। इस निरीक्षण के दौरान पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। जिन्होंने गोदाम की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इसके अलावा उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार, गोदाम प्रभारी एवं अन्य संबंधित प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।



