साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को समस्तीपुर पुलिस ने रिकवर कर 1.04 लाख रुपये वापस दिलाया
समस्तीपुर : साइबर ठगी के एक मामले में साइबर थाने की पुलिस ने ठगी के रूपये रिकवर कर सोमवार को पीड़ित को लौटाया है। दरअसल खानपुर थाना क्षेत्र के इलमासनगर वार्ड संख्या-11 निवासी राजकुमार पासवान ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार हो गए थे। पीड़ित ने मामले की शिकायत नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर साइबर थाना द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की गई। जांच के क्रम में विधि-सम्मत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ठगी गई राशि में से 1 लाख 4 हजार रुपये की रकम रिकवर कर पीड़ित को वापस करा दी। साइबर डीएसपी दुर्गेश कुमार दीपक ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

