पटना में खान सर की कोचिंग पर पहुंची पुलिस, दो गार्ड को पुलिस ने पूछताछ के लिए उठाया, सामने आया था फायरिंग का वीडियो

पटना के मशहूर कोचिंग टीचर और यूट्यूबर खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमले मामले में एक नया ट्विस्ट आ गया है। खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग करने का एक वीडियो सामने आया था। बताया गया कि फायरिंग करने वाला खान सर का बॉडीगार्ड है। इस वीडियो को संज्ञान में लेते हुए पटना पुलिस ने खान सर की कोचिंग के दो गार्ड को उठा लिया। पटना पुलिस दोनों गार्ड को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
दरअसल मंगलवार की रात खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमला हुआ था। इस हमले में एक गार्ड घायल हो गया था। खान सर ने कोचिंग सेंटर के बाहर कई राउंड फायरिंग की बात कही थी। हालांकि पटना पुलिस ने इसे मारपीट का मामला बताया था। इसके बाद बुधवार की सुबह खान सर भी फायरिंग की बात से पलट गए। अब फायरिंग का वीडियो सामने आया तो पटना पुलिस ने खान सर के दो गार्ड को हिरासत में ले लिया।

FIR में खान सर की ओर से नहीं किया गया था फायरिंग का जिक्र
जब मामले की प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई गई तो उसमें फायरिंग का जिक्र नहीं था। खान कोचिंग प्रबंधन से जुड़े कन्हैया सिंह की शिकायत के आधार पर चार नामजद और 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद समेत दो अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

रौशन आनंद सहित तीन न्यायिक हिरासत में
रौशन आनंद, उनके सहयोगी अभिषेक और गौरव को बुधवार को पटना सिविल कोर्ट में पेश किया गया। यहां से कोर्ट ने तीनों को न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया। गिरफ्तारी के बाद रौशन आनंद ने खुद को निर्दोष बताते हुए फंसाने की बात कही थी। इधर गुरु रहमान ने भी खान सर पर झूठ बोलने का आरोप लगाया।

इधर आज गुरुवार को ‘ज्ञान बिंदु’ कोचिंग टीम के आदर्श कुमार ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग का वीडियो जारी किया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि खान सर ने अपने गार्ड से खुद हवाई फायरिंग करवाई थी। ये खान सर का प्री प्लांड साजिश थी, जिसमें रौशन आनंद को फंसाया। जबकि जो वीडियो हैं, उसमें रौशन आनंद कहीं दिख नहीं रहे हैं। फिर उनकी गिरफ्तारी क्यों हुई। हमारी मांग है कि खान सर की गिरफ्तारी होनी चाहिए?

