रोसड़ा में लेबर कार्ड बनवाने पहुंचे मजदूर, विभिन्न गांवों में प्रचार के बाद भी नहीं लगा कैंप

समस्तीपुर/रोसड़ा : प्रखंड में निर्माण मजदूरों का लेबर कार्ड बनाने के लिए शुक्रवार को कैंप का आयोजन नहीं होने से मजदूरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। श्रम परिवर्तन पदाधिकारी द्वारा पिछले कई दिनों से विभिन्न गांवों में कैंप के माध्यम से निर्माण मजदूर कार्ड बनाए जाने का प्रचार कराया गया था। इसके बाद बड़ी संख्या में मजदूर कार्ड बनवाने की उम्मीद में प्रखंड कार्यालय पहुंचे, लेकिन कैंप का आयोजन नहीं होने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। मजदूर कार्ड बनवाने पहुंचे लोग प्रखंड कार्यालय के आसपास भटकते रहे। काफी देर तक संबंधित पदाधिकारी का पता नहीं चलने से मजदूर परेशान दिखे।
संयोग से शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में एमएलसी निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान भी हो रहा था। ऐसे में मजदूरों को उम्मीद के मुताबिक सुविधा नहीं मिल सकी। मौके पर मौजूद भाकपा मजदूर नेता रुमल यादव, रामचंद्र यादव, लक्ष्मण पासवान और मोहम्मद सईद अंसारी ने कहा कि निर्माण मजदूरों का लेबर कार्ड बनना अत्यंत आवश्यक है। कार्ड के माध्यम से मजदूरों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में सहूलियत होती है। इसके बावजूद कैंप का आयोजन नहीं होने से मजदूरों को बेवजह परेशानी झेलनी पड़ रही है।

मजदूर नेताओं ने विभाग से पंचायतवार शिविर आयोजित कर निर्माण मजदूरों का कार्ड बनवाने की व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र इस संबंध में आदेश जारी कर कैंप लगाने की व्यवस्था नहीं की गई तो भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की ओर से अनुमंडल कार्यालय का घेराव किया जाएगा। मौके पर प्रमिला देवी, श्याम साह, मुन्नी देवी, रवीना खातून समेत दर्जनों मजदूर मौजूद थे।




