नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को कोर्ट से मिली राहत, इस मामले में सुनवाई के बाद जमानत

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को एमपी-एमएलए कोर्ट की ओर से जमानत मिल गई है. आज (गुरुवार) तेजस्वी यादव एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश हुए थे, जिसके बाद सुनवाई हुई और उन्हें जमानत दे दी गई. यह पूरा मामला कोरोना काल के दौरान नियम का उल्लंघन करने और भीड़ जुटाने से जुड़ा हुआ है.
कोर्ट से जमानत मिलने पर क्या बोले तेजस्वी यादव?
कोर्ट से जमानत मिलने के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने कहा, कोविड से जुड़े एक मामले में हम लोग आज कोर्ट पहुंचे थे, जमानत मिल गई है. कोरोना काल के दौरान यह मुकदमा प्रशासन की ओर से किया गया था. लेकिन यह फर्जी मुकदमा करवाया गया था, ताकि जनप्रतिनिधि होकर आमजन की जो समस्याएं थी, वो हम ना रख पाएं.

जानिए क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, कोरोना काल के दौरान देशभर में कड़े प्रतिबंध थे. इसके साथ ही कई नियम बनाए गए थे. उसी दौरान तेजस्वी यादव के खिलाफ नियमों की अनदेखी करने का आरोप लगाया गया. कहा गया कि उन्होंने वैशाली के राघोपुर में भीड़ इकट्ठा किया और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों को तोड़ा.

इसी मामले में उन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. प्रशासन की तरफ से यह आरोप लगाया गया कि आपदा प्रबंधन अधिनियम की धाराओं का उल्लंघन किया. ऐसे में कोर्ट से उन्हें समन भी जारी किया गया था. अब आज मामले में सुनवाई हुई और तेजस्वी यादव को राहत देते हुए जमानत मिल गई है.



