पूसा में 20 नवंबर को होगा दीक्षांत समारोह, मिथिला की संस्कृति से होगा अतिथियों का स्वागत

समस्तीपुर : डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा में 20 नवंबर को भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में बिहार के राज्यपाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर लगभग दो हजार छात्रों को विभिन्न विषयों में स्नातक, परास्नातक और पीएचडी की डिग्री प्रदान की जाएगी। दीक्षांत समारोह की तैयारियां विश्वविद्यालय परिसर में जोर-शोर से चल रही हैं। कुलपति डॉ. पी. एस. पाण्डेय स्वयं तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है, जो मंच व्यवस्था, डिग्री वितरण, अतिथि सत्कार और सुरक्षा व्यवस्था में जुटी हुई हैं।
कार्यक्रम में पांच सौ से अधिक छात्र और उनके माता-पिता के उपस्थित रहने की संभावना है। देश भर से आने वाले अभिभावकों के लिए ठहरने और भोजन की विशेष व्यवस्था की जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन का प्रयास है कि बाहर से आने वाले किसी भी अतिथि को कोई असुविधा न हो। इस बार दीक्षांत समारोह की सबसे बड़ी विशेषता मिथिला की संस्कृति होगी। कुलपति डॉ. पुण्यव्रत सुविमलेन्दु पाण्डेय ने बताया कि समारोह में मिथिला की संस्कृति को पोशाक एवं खान-पान से लेकर अन्य सभी क्षेत्रों में प्रदर्शित किया जाएगा।

उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री वितरण तक सीमित न रहे, बल्कि यह मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भी उत्सव बने। यहां से डिग्री लेकर जाने वाला हर छात्र मिथिला की मिठास और संस्कार को अपने साथ लेकर जाए, यही हमारा प्रयास है।” इसी कड़ी में अकादमिक काउंसिल के सदस्यों और अतिथियों के लिए विशेष मिथिला पाग और अंगवस्त्र बनवाया जा रहा है। इसके लिए भागलपुर में बने प्रसिद्ध सिल्क का प्रयोग किया जाएगा। इसके बाद उस पाग पर पारंपरिक मिथिला पेंटिंग की जाएगी। यह पाग मिथिला के सम्मान का प्रतीक होगा। समारोह में अतिथियों को मिथिला के पारंपरिक व्यंजनों का भी स्वाद चखने को मिलेगा।

कुलसचिव डॉ. पी. के. प्रणव ने कहा कि विश्वविद्यालय में देश के 27 राज्यों के छात्र पढ़ते हैं। दीक्षांत समारोह के दौरान देश भर के छात्रों के परिजन शामिल होंगे। उन्हें मिथिला की संस्कृति को जानने-समझने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा, “यह हमारे लिए गर्व की बात है कि देश के कोने-कोने से छात्र यहां पढ़ने आते हैं। दीक्षांत समारोह उनके लिए एक यादगार अनुभव होगा।” उन्होंने बताया कि डिग्री प्राप्त करने वाले छात्रों की सूची तैयार कर ली गई है। स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों को समारोह में विशेष सम्मान दिया जाएगा। विश्वविद्यालय के सभी अधिष्ठाता, निदेशक, वैज्ञानिक और शिक्षक तैयारियों में जुटे हुए हैं।



