समस्तीपुर : छठ का प्रसाद जूठा करने पर मां ने 4 साल की बेटी को पीटा, इलाज के दौरान मौ’त, आरोपी मां गिरफ्तार

समस्तीपुर : छठ महापर्व की तैयारियों के बीच समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। छठ पूजा के प्रसाद का पकवान जूठा करने से नाराज मां ने अपनी ही चार साल की मासूम बेटी की पिटाई कर दी। पिटाई के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है। मृत बच्ची की पहचान मोहम्मदपुर बिरौली गांव के वार्ड संख्या 12 निवासी राजू पासवान की चार वर्षीय बेटी सुहानी कुमारी के रूप में हुई है। आरोपी मां का नाम रीना कुमारी है।
प्रसाद का पकवान जूठा करने पर हुआ विवाद :
बच्ची के पिता राजू पासवान ने पुलिस को बताया कि छठ पूजा को लेकर परिवार के लोग घर के पास घाट बनाने गए थे। इस दौरान उनकी पत्नी रीना कुमारी घर में पूजा के लिए प्रसाद के पकवान तैयार कर रही थी। इसी बीच छोटी बेटी सुहानी ने पकवान जूठा कर दिया। इससे नाराज होकर रीना ने बच्ची की पिटाई कर दी। पिटाई के बाद सुहानी की हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद रीना ही उसे इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंची, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पिता बोले- ऐसी पूजा का क्या फायदा, जब बेटी ही नहीं रही :
बेटी की मौत के बाद पिता राजू पासवान का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि ऐसी पूजा का क्या फायदा, जब उनकी बेटी ही दुनिया में नहीं रही। उन्होंने घटना के लिए जिम्मेदार पत्नी को कठोर सजा दिलाने की मांग की है। पिता ने कहा कि अब उन्हें ऐसी पत्नी की कोई जरूरत नहीं है। वह अपने बच्चों को अकेले ही पाल लेंगे। राजू पासवान के तीन बच्चे हैं। इनमें सात वर्षीय बेटी शिवानी कुमारी, चार वर्षीय सुहानी कुमारी और डेढ़ वर्षीय बेटा राजा कुमार शामिल हैं। सुहानी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस ने मां को किया गिरफ्तार :
घटना की सूचना मिलने पर पूसा थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मोहम्मदपुर बिरौली गांव में चार वर्षीय बच्ची की मौत की सूचना मिली थी। मामले में आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। छठ जैसे लोक आस्था के महापर्व की तैयारियों के बीच हुई इस घटना से पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही बच्ची की मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



