बेटी के लव मैरिज पर घर वालों का क्रूर फैसला; जिंदा बेटी की निकाली अर्थी, श्मशान घाट पर रीति-रिवाज से किया अंतिम संस्कार

बिहार के मुजफ्फरपुर में बेटी लव मैरिज से नाराज परिवार और गांव वालों ने ऐसा फैसला किया जिससे सनसनी फैल गई है। दूसरी जात के प्रेमी के साथ शादी करने पर बेटी को जीते जी मृत करार दे दिया और पुतला बनाकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। गांव और आसपास के लोगों की रजामंदी के बाद इस काम को अंजाम दिया गया। बेटी अभी प्रेमी के घर में रहती है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामला मुजफ्फरपुर जिले के मड़वन के जियन खुर्द गांव का है। लड़की पहले ही प्रेमी के साथ घर छोड़कर फरार हो गई थी। रविवार को प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने युवती को मृत मानते हुए उसकी प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर दाह संस्कार कर दिया। इसका वीडियो बनाकर वायरल भी किया जा रहा है।

गांव के लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक करीब एक माह पूर्व युवती अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी। परिजनों ने इस मामले में करजा थाना में युवती को भभाग प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने युवती को बरामद कर कोर्ट में पेश किया, जहां उसका बयान दर्ज कराया गया। कोर्ट में युवती ने खुद को बालिग बताते हुए प्रेमी के साथ शादी करने की बात स्वीकार की तथा उसी के साथ रहने की इच्छा जताई। उसके बाद कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने युवती को उसके प्रेमी के घर पर पहुंचा दिया।

लड़की प्रेमी के घर चली गई पर इलाके में चर्चा और तेज हो गई। लड़की के परिवार वालों से कहा गया कि इस मामले में कोई ठोस ऐक्शन नहीं लिया गया तो इलाके की अन्य लड़कियों पर बुरा असर पड़ेगा। आसपास के कई गांवों के लोगों ने परिवार से कहा कि यदि उन्हें गांव और समाज में फिर से रहना है तो अपनी बेटी का पूरी तरह बहिष्कार करना होगा। बताया जा रहा है कि गांव और समाज में अपनी जगह बनाए रखने के लिए परिजनों ने बेटी को कागजों और रस्मों में मृत घोषित कर दिया और हिंदू रिवाजों को अपनाते हुए उसका दाह संस्कार गांव में ही किया गया।

मुखिया विकास कुमार सिंह ने बताया कि समाज की सहमति से प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर युवती का दाह संस्कार किया गया। लड़की और उसके प्रेमी के परिजनों को इसकी सूचना नहीं दी गई। उनसे कोई मतलब नहीं रखा जा रहा है। युवती के फरार हो जाने के उसके परिवार के लोग काफी दुखी हैं। इस तरह से दूसरे कास्ट के लड़के से प्रेम विवाह का विरोध किया जा रहा है।


