दलसिंहसराय में सड़क किनारे मिला युवक का शव, ह’त्या कर शव फेंके जाने आशंका
समस्तीपुर/दलसिंहसराय :- दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय NH-28 पर पांड बसढ़िया गांव के पास सड़क किनारे शनिवार को एक युवक का शव मिला है। मृतक की पहचान दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के पगड़ा गांव निवासी मोहम्मद अलाउद्दीन के बेटे मोहम्मद आबिद (25 वर्ष) के रूप में की गई है। घटना की सूचना पर दलसिंहसराय थाने की पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है।
घटना के संबंध में मृतक के बड़े भाई मो. युनीश ने कहा कि उनका भाई मोहम्मद आबिद ज्यादातर ससुराल में ही रहता था। शुक्रवार को वह अपने ससुराल उजियारपुर महेशपट्टी से घर पगड़ा आया था। शाम में वह ससुराल के लिए निकला था। सुबह दलसिंहसराय थाने की पुलिस ने सूचना दी की पांड़ बसढ़िया गांव के पास एक शव पड़ा हुआ है। फोटो के आधार पर शव की पहचान की। हालांकि उसकी मौत किस कारण से हुई है इसके बारे में उन्हें अब तक पता नहीं चल सका है क्योंकि शव को पोस्टमार्टम के लिए अंदर भेज दिया गया था।
उधर मृतक के चचेरे ससुर मो. नईम ने बताया उनके दामाद मोहम्मद आबिद शादी के बाद से ज्यादातर अपने ससुराल में ही रहते थे। कल सुबह वह अपने घर गए थे। शाम में चार लड़कों के साथ आए थे। सुबह में जानकारी मिली कि उनकी लाश मिली है। संभावना जताई जा रही है की हत्या करने के बाद शव को सड़क किनारे फेंका गया है।
इधर घटना के संबंध में दलसिंहसराय के डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि सड़क किनारे शव मिला है। शव जब्त कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। हत्या से इनकार नहीं किया जा सकता है। घटना के हर बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।