समस्तीपुर में हुए Flipkart स्टोर लूटकांड मामले में एक गिरफ्तार, आरोपी के पास से लूट के 18 हजार रुपये नगद बरामद

समस्तीपुर : मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के हरपुर एलौथ में विगत 25 अक्टूबर की रात करीब साढ़े नौ बजे फ्लिपकार्ट स्टोर से एक लाख 49 हजार 700 रूपये नगदी लूटने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गंगापुर वार्ड-6 निवासी बिरजू कुमार महतो के पुत्र मनीष कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से लूट की रकम में उसके हिस्से के 18 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।
मामले में शामिल अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए स्थानीय थाने की पुलिस व एसआईटी छापेमारी कर रही है। इस संबंध में प्रेस वार्ता कर जानकारी देते हुए बताया सदर एसडीपीओ-1 सतीश सुमन ने बताया कि घटना के बाद से ही पुलिस लुटेरों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। जांच के दौरान मानवीय सूचना और वैज्ञानिक अनुसंधान से मनीष कुमार के लूटकांड में शामिल होने के संकेत मिले।

इसके बाद पुलिस टीम ने गंगापुर स्थित उसके आवास पर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने लूट की वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की है। एसडीपीओ-1 के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस लूटकांड में शामिल दूसरे अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। उन सभी कीमगिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है, जल्द ही अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वीडियो :




