केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का फर्जी PA गिरफ्तार: जेल आईजी को फोनकर बोला- कैदी को दूसरे जेल शिफ्ट करो

केंद्रीय मंत्री एवं मुंगेर सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह का कथित फर्जी निजी सहायक (पीए) बनकर जेल आईजी को फोन कर बंदी के स्थानांतरण के लिए दबाव बनाने के आरोप में पटना पुलिस ने लखीसराय से एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान धीरज कुमार के रूप में हुई है, जो नौबतपुर का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित ने खुद को केंद्रीय मंत्री का पीए बताते हुए जेल आईजी को फोन किया और भागलपुर सेंट्रल जेल में बंद अपराधी भरत सिंह को बेऊर केंद्रीय कारा स्थानांतरित करने का दबाव बनाया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पटना के सचिवालय थाना में मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की गई।


जांच के दौरान मोबाइल लोकेशन लखीसराय और मुंगेर के बीच मिलने पर सचिवालय थाना पुलिस ने लखीसराय थाना की मदद से देर रात एनएच-80 स्थित विद्यापीठ के समीप छापामारी कर आरोपी को नाटकीय ढंग से गिरफ्तार कर लिया।

इसके बाद उसे पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पटना ले जाया गया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपित ने किसी संगठित गिरोह के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया या अकेले ही मंत्री के नाम का दुरुपयोग कर अधिकारियों पर दबाव बनाने की कोशिश की।
मामले में तकनीकी साक्ष्य और कॉल डिटेल्स भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे प्रकरण का खुलासा किया जाएगा।



