दलसिंहसराय में विशेष सोलर शिविर, 500 आवेदन का लक्ष्य; डीएम बोले- हर पात्र परिवार तक पहुंचे प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ

समस्तीपुर/दलसिंहसराय : प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने के उद्देश्य से बुधवार को दलसिंहसराय प्रखंड कार्यालय के निकट मैदान में एक दिवसीय विशेष सोलर परामर्श एवं सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन डीएम रोशन कुशवाहा ने किया। जिला प्रशासन ने शिविर के माध्यम से 500 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
डीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना आम लोगों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की महत्वपूर्ण पहल है। रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने से बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आती है, साथ ही स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने जिले के सभी पात्र विद्युत उपभोक्ताओं से योजना का लाभ उठाने की अपील की। शिविर में विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता, तीनों विद्युत प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता समेत विभागीय अधिकारियों ने लाभुकों को रूफटॉप सोलर संयंत्र, नेट मीटरिंग, आवेदन प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी तथा उनकी शंकाओं का समाधान किया।


योजना को आसान बनाने के लिए कैनरा बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक, यूको बैंक, उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक सहित 10 प्रमुख बैंकों ने अपने सहायता काउंटर लगाए। बैंक अधिकारियों ने सोलर संयंत्र स्थापना के लिए उपलब्ध ऋण, आसान किश्त, रियायती ब्याज दर और ऋण स्वीकृति प्रक्रिया की जानकारी दी।
प्रखंड कार्यालय दलसिंहसराय निकट मैदान में आयोजित विशेष सोलर शिविर में विद्युत विभाग, 10 प्रमुख बैंकों एवं अधिकृत वेंडरों ने एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई सभी सुविधाएँ, 500 ऑनलाइन आवेदन का लक्ष्य#Samastipur #ElectricityDepatment #DistrictAdministration pic.twitter.com/rLDqB9alTd
— Samastipur Town (@samastipurtown) August 5, 2026
शिविर में सरकार से अधिकृत सोलर वेंडरों ने भी भाग लिया। उन्होंने लाभुकों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सोलर संयंत्र के चयन, उपकरणों की गुणवत्ता, वारंटी, स्थापना प्रक्रिया और केंद्र सरकार की सब्सिडी से संबंधित जानकारी दी। डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ जिले के प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचे। उन्होंने लोगों से सौर ऊर्जा अपनाकर बिजली की बचत, आर्थिक लाभ और पर्यावरण संरक्षण के अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया।





