समस्तीपुर में ओवरब्रिज मरम्मत कार्य पर फिलहाल ब्रेक, वैकल्पिक मार्ग दुरुस्त होने के बाद फिर शुरू होगा काम

समस्तीपुर : शहर की लाइफ-लाइन कहे जाने वाले ओवरब्रिज की मरम्मत शुरू होते ही शनिवार को उत्पन्न हुए भीषण यातायात जाम के बाद रविवार को जिला प्रशासन ने फिलहाल दो-तीन दिनों के लिये मरम्मत कार्य रोकने का निर्णय लिया है। अब पहले वैकल्पिक मार्गों को पूरी तरह दुरुस्त और उपयोग योग्य बनाया जाएगा, उसके बाद ही ओवरब्रिज पर मरम्मत कार्य दोबारा शुरू किया जाएगा। रविवार को डीएम रोशन कुशवाहा ने ओवरब्रिज और उससे जुड़े वैकल्पिक मार्गों का अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मरम्मत कार्य के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए सभी वैकल्पिक मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर तैयार किया जाए। डीएम ने संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि वैकल्पिक मार्गों की मरम्मत, चौड़ीकरण, समतलीकरण और आवश्यक सुदृढ़ीकरण का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। साथ ही जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा संकेतक, बैरिकेडिंग और ट्रैफिक नियंत्रण की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने कहा कि शनिवार को जाम की स्थिति से यह स्पष्ट हो गया है कि बिना पर्याप्त तैयारी के मरम्मत कार्य जारी रखना आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। इसलिए पहले सभी वैकल्पिक मार्गों को पूरी तरह क्रियाशील बनाया जाएगा, ताकि स्कूली वाहनों, एंबुलेंस, अग्निशमन वाहनों और अन्य आवश्यक सेवाओं का आवागमन बाधित न हो। निरीक्षण के दौरान डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि वैकल्पिक मार्गों पर जहां कहीं अतिक्रमण है, उसे तत्काल हटाया जाए। यातायात पुलिस और जिला प्रशासन को समुचित ट्रैफिक प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार करने तथा आम लोगों को पहले से रूट डायवर्जन की जानकारी देने का निर्देश भी दिया गया।

ज्ञात हो कि शनिवार को ओवरब्रिज मरम्मत कार्य शुरू होने के बाद शहर के मोहनपुर रोड, मगरदही घाट, मथुरापुर घाट और बाजार समिति मार्ग समेत कई प्रमुख सड़कों पर सुबह से देर शाम तक भीषण जाम की स्थिति बनी रही थी। कई एंबुलेंस भी जाम में फंस गई थी। जाम में फंसे सर्पदंश के एक मरीज ने समय से अस्पताल ना पहुंच पाने पर एंबुलेंस में ही दम तोड़ दिया था। अब प्रशासन का कहना है कि वैकल्पिक मार्गों को पूरी तरह तैयार करने और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के बाद ही ओवरब्रिज की मरम्मत का कार्य दोबारा शुरू किया जाएगा, ताकि लोगों को न्यूनतम असुविधा हो।



