समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

BiharNEWS

‘सॉरी मम्मी-पापा’, पहले लव मैरिज की फिर एक घंटे बाद ही प्रेमी जोड़े ने खाया ज’हर; युवक की मौत, वेंटिलेटर पर दुल्हन

IMG 20260212 WA0118

बिहार के भागलपुर जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक प्रेमी जोड़े ने भागकर प्रेम विवाह तो कर लिया, लेकिन शादी की खुशियां चंद मिनट भी नहीं टिक सकीं। शादी के महज एक घंटे बाद ही नवविवाहित जोड़े ने जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने की कोशिश की। जहर का असर होने के बाद दोनों को गंभीर हालत में भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज) में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। वहीं, नवविवाहिता दुल्हन अस्पताल के फैब्रिकेटेड वार्ड में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।

‘आप लोगों ने शादी नहीं कराई, इसलिए कोई रास्ता नहीं बचा’

इस आत्मघाती कदम को उठाने से ठीक पहले युवक ने अपने मोबाइल से एक बेहद भावुक वीडियो रिकॉर्ड किया और अपनी मां के व्हाट्सएप पर भेज दिया। वीडियो में युवक ने रोते हुए कहा- सॉरी मम्मी-पापा, हम लोग एक बहुत गलत कदम उठाने जा रहे हैं। आप लोगों ने हमारी शादी नहीं करवाई, इसलिए हमारे पास अब कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा था। लड़की के घर वाले धमकी दे रहे थे कि अगर शादी की तो जान से मार देंगे। इसलिए उनके हाथों मरने से अच्छा है कि हम खुद ही मर जा रहे हैं। हमसे जो भी गलतियां हुईं, उसके लिए हमें माफ कर दीजिएगा… सॉरी।”

HOLY MISSION High School 20x10 1paid hero ad 20250215 123933 1 scaled

डेढ़ साल का प्यार 

यह पूरी घटना कहलगांव थाना क्षेत्र के शिवकुमारी पहाड़ मोहल्ले की है, जो शुक्रवार शाम करीब चार बजे घटित हुई। बताया जाता है कि मृतक युवक लक्ष्मीकांत कुमार (20 वर्ष), जो अमदंडा थाना क्षेत्र के अदलपुर निवासी सुभाष सिंह का पुत्र था, उसका पिछले डेढ़ साल से बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र स्थित जबरा गांव निवासी कुलदीप मंडल की पुत्री अमृता कुमारी (18 वर्ष) के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। अमृता अपने नाना नित्यानंद सिंह के घर अदलपुर में रहकर पढ़ाई करती थी, इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी थीं।

IMG 20240904 WA0139

लड़की के परिजनों ने फोन करके दी मारने की धमकी

शुक्रवार को दोनों ने हर हाल में एक-दूसरे का होने का फैसला किया। लक्ष्मीकांत ने अमृता को कहलगांव स्थित अपने एक कमरे में बुलाया, जहां दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से एक-दूसरे को जयमाला पहनाकर शादी कर ली, लेकिन जैसे ही लड़की के परिजनों को इस शादी की भनक लगी, उन्होंने फोन पर दोनों को जान से मारने की सीधी धमकी दे डाली। इस धमकी से दोनों बुरी तरह खौफजदा हो गए। बदनामी और मौत के डर से युवक तुरंत बाजार से सल्फास (जहर) खरीद कर लाया और दोनों ने उसे खा लिया।

IMG 20250821 WA0010

पिता का रो-रोकर बुरा हाल

अस्पताल के बेड पर जिंदगी के लिए जूझ रही अमृता कुमारी ने बताया, “हम दोनों एक-दूसरे से बेहद प्यार करते थे और साथ जीना चाहते थे। लेकिन मेरे माता-पिता लगातार कह रहे थे कि अगर शादी की तो जान से मार डालेंगे। इसी डर के मारे हम दोनों ने जहर खा लिया। दूसरी ओर, मृतक लक्ष्मीकांत के पिता सुभाष सिंह, जो कपड़ा फेरी का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, बेटे की मौत की खबर सुनकर पूरी तरह टूट चुके हैं। उन्होंने रोते हुए कहा- हमें चार महीने पहले से दोनों के अफेयर की जानकारी थी। लेकिन यह अंदाजा नहीं था कि मेरा बेटा इतना खौफनाक कदम उठा लेगा। अगर बेटा शादी करके सीधे घर आ जाता, तो हम दोनों को सहर्ष स्वीकार कर लेते, उन्हें कभी मरने नहीं देते। घटना के बाद से मृतक की मां और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

FB ADD scaled

अमदंडा के थाना अध्यक्ष विशाल कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर दोनों पक्षों के परिजनों से गहन पूछताछ की है। लक्ष्मीकांत के दादा ने पुलिस को बताया कि यह दुखद वारदात कहलगांव के शिवकुमारी पहाड़ स्थित मकान में हुई, जहां उनके परिवार के कुछ लोग रहते हैं। पुलिस ने युवक के शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तरफ से लिखित आवेदन मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ सुसाइड के लिए उकसाने और धमकी देने का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

IMG 20241218 WA0041IMG 20260201 WA0062 1