बुद्धा गैस एजेंसी के संचालक व पुत्र पर मारपीट, लूट व धमकी देने की FIR दर्ज

समस्तीपुर : नगर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर वार्ड संख्या-15 निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक विमल प्रसाद गुप्ता (72) ने बुद्धा गैस एजेंसी संचालक एवं उसके पुत्र पर मारपीट, लूटपाट और धमकी देने का आरोप लगाते हुए नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
दर्ज प्राथमिकी में उन्होंने बताया कि 7 मई की शाम करीब चार से साढ़े चार बजे के बीच वह अपने गैस कनेक्शन की समस्या को लेकर वार्ड संख्या-21 बांध किनारे बाईपास रोड स्थित बुधा गैस एजेंसी के कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद एजेंसी संचालक अजय कुमार मंडल एवं उसका पुत्र अभिजीत कुमार उर्फ भोलू उन्हें देखते ही गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर लोहे की रॉड एवं गैस लाइटर के पाइप से हमला कर दिया। हमले में उनका सिर फट गया तथा बायीं आंख में गंभीर चोट आई। पीड़ित ने आशंका जताई है कि आंख की रोशनी भी प्रभावित हो सकती है।

प्राथमिकी के अनुसार मारपीट के दौरान आरोपितों ने उन्हें कार्यालय में बंधक बना लिया तथा जेब से मोबाइल फोन, करीब नौ हजार रुपये नकद एवं गैस सिलेंडर छीन लिया। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों की भी आरोपितों ने नहीं सुनी। पीड़ित ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपितों ने केस करने पर हरिजन एक्ट में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी तथा उनका गैस कार्ड भी फाड़ दिया। इधर नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया की आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच में की जा रही है।



