आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर हमला मामले में पांच नामजद अभियुक्तों पर FIR दर्ज
समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रहमतपुर गांव में बुधवार को एक आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर लाठी-डंडे से हमला मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इस मामले में मुफस्सिल थाने के दरोगा राहुल कुमार के आवेदन पर पांच नामजद को आरोपित करते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। पुलिस ने रामबाबू राय, ललिता देवी, नीलम देवी, शिवम कुमार व शिवानी कुमारी को नामजद किया है। कारवाई के दौरान पुलिस ने अपने बचाव में पिस्टल भी ताना था। किसी तरह आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस थाने लायी थी।
बता दें कि मारपीट के एक मामले में नामजद आरोपी राजेश कुमार उर्फ झामा को पकड़ने पुलिस पहुंची थी। आरोपी को गिरफ्तार कर जब टीम वाहन से थाना ले जाने लगी, तभी घर की महिलाएं और कुछ युवतियां लाठी-डंडे के साथ सड़क पर उतर आईं और गाड़ी को घेर लिया। उन्होंने आरोपी को वाहन से उतारने का प्रयास किया। स्थिति तनावपूर्ण हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद दरोगा राहुल कुमार ने एहतियातन अपनी पिस्टल निकालकर सख्ती दिखाई। इसके बाद पुलिस टीम किसी तरह वाहन को वहां से निकालने में सफल रही और आरोपी को सुरक्षित थाना ले जाया गया। इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं पुलिस को घेर हंगामा मामले में अलग से एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है।
यहां देखें वीडियों :
आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान महिलाओं ने पुलिस पर किया हमला, बचाव में पुलिस ने निकाली पिस्टल#Samastipur #news pic.twitter.com/KjmZ5GwXdH
— Samastipur Town (@samastipurtown) February 11, 2026

