दलसिंहसराय में सीमेंट-छड़ कारोबारी से बदमाशों ने मांगी दो करोड़ की रंगदारी, FIR दर्ज कर पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस का एक और मामला सामने आया है। शहर के एक बड़े सीमेंट व सरिया कारोबारी धर्मेंद्र साह से बदमाशों ने फोन कर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कारोबारी के घर और प्रतिष्ठान पर सुरक्षा बढ़ा दी है तथा पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, कारोबारी के मोबाइल पर तीन दिन पहले एक अज्ञात नंबर से कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को अपराधी बताते हुए दो करोड़ रुपये देने की मांग की और रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। घटना के बाद कारोबारी ने दलसिंहसराय थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। बता दें कि कुछ महीनों पूर्व भी धर्मेंद्र साह से रंगदारी मांगी गयी थी। इसको लेकर भी दलसिंहसराय थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। उक्त मामले में पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है। इस बीच दूसरी बार कारोबारी से रंगदारी मांगे जाने पर पूरा परिवार खौफजदा है।

इधर दलसिंहसराय के एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि कारोबारी की शिकायत के आधार पर संबंधित मोबाइल नंबर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कारोबारी की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उनके घर और दुकान पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

एसडीपीओ ने बताया कि जिस मोबाइल नंबर से रंगदारी मांगी गई है, उसकी तकनीकी जांच कराई जा रही है। पुलिस कॉल डिटेल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर अपराधी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रंगदारी मांगने वाले बदमाश को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इधर, इस घटना के बाद दलसिंहसराय के व्यवसायियों में भी चिंता का माहौल है। हालांकि कारोबारी धर्मेंद्र साह ने मामले पर सार्वजनिक रूप से कुछ भी कहने से इनकार किया है। वह और उनका पूरा परिवार डरा-सहमा है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

