बंद घर की जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर करने से बचे; त्योहार के दौरान चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए समस्तीपुर पुलिस अलर्ट

समस्तीपुर : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ पैतृक गांव और दूसरे स्थानों पर निकल चुके हैं या निकलने की तैयारी में जुटे हैं। ऐसे में शहर में कई मकान कई दिनों तक बंद रह सकते हैं। बंद घरों को चोर निशाना न बना सकें, इसके लिए समस्तीपुर पुलिस ने आम लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
पुलिस ने लोगों से गांव या दूसरे स्थान पर जाने से पहले अपने घरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी देने की सलाह दी है। त्योहार के दौरान चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन भी अलर्ट है। एसएसपी अरविंद प्रताप सिंह ने जिले के सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में नियमित गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखने तथा संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया है। पुलिस को बंद पड़े मकानों के आसपास भी सतर्कता बरतने को कहा गया है, ताकि किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि की सूचना समय रहते मिल सके।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि छठ पर्व में घर से बाहर जाने से पहले सभी दरवाजे और खिड़कियां अच्छी तरह बंद कर लें। घर की चाबियां किसी अनजान व्यक्ति को न दें। संभव हो तो किसी भरोसेमंद पड़ोसी या रिश्तेदार को घर पर नजर रखने की जिम्मेदारी दें। घर में नगदी, आभूषण और अन्य कीमती सामान खुले में न छोड़ें। इसके अलावा सोशल मीडिया पर घर खाली रहने की जानकारी सार्वजनिक करने से बचें। एसएसपी ने लोगों से कहा है कि मोहल्ले या आसपास किसी अनजान व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर उसे नजरअंदाज न करें। ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना या पुलिस को दें। अपने आसपास के लोगों के साथ संपर्क बनाए रखें, ताकि किसी अनहोनी की स्थिति में तुरंत सूचना मिल सके।

संकीर्ण गलियों में गश्ती बढ़ाने के निर्देश :
शहर के आजाद नगर, आदर्श नगर, विवेक विहार, काशीपुर, ताजपुर रोड, सोनवर्षा चौक, मूसापुर, धरमपुर और जितवारपुर समेत कई मोहल्लों में बंद मकानों की सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता बढ़ी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ियां अक्सर मुख्य सड़कों तक ही सीमित रहती हैं। ऐसे में अंदरूनी गलियों और संकीर्ण रास्तों में भी नियमित गश्ती की जरूरत है। लोगों ने बाइक से पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है, ताकि गलियों में भी पुलिस की पहुंच बनी रहे। इधर मुफस्सिल व नगर थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि छठ पर्व के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखना प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस की गश्ती के साथ आम लोगों का सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें, ताकि सभी लोग सुरक्षित माहौल में छठ पर्व मना सकें।



