कवि कोकिल की धरती पर कवि सम्मेलन की रस्म अदायगी, मंच पर मैथिली ही बेगानी ; 13 साल में भी राष्ट्रीय पहचान नहीं बना सका महोत्सव

समस्तीपुर/विद्यापतिनगर : जिस महाकवि विद्यापति जी ने अपनी रचनाओं से मैथिली भाषा व मिथिलांचल को साहित्यिक जगत में वैश्विक पहचान और नई ऊंचाई दी, उन्हीं के नाम पर आयोजित राजकीय महोत्सव के मंच पर उनकी भाषा और साहित्य को अपेक्षित सम्मान नहीं मिल पा रहा है। महाकवि विद्यापति की धरती पर लगने वाले राजकीय महोत्सव का मंच हर साल सजता है। कवि आते हैं, कविताएं सुनाई जाती हैं और कथित तालियों की गड़गड़ाहट के बीच कार्यक्रम संपन्न हो जाता है। लेकिन इस आयोजन की चमक के पीछे एक बड़ा सवाल लगातार अनुत्तरित है।
जिस महाकवि ने मैथिली भाषा को अपनी साधना, साहित्य और रचनाधर्मिता से विशिष्ट पहचान दिलाई, उन्हीं के नाम पर आयोजित महोत्सव में उनकी मातृभाषा और साहित्यिक विरासत को अपेक्षित स्थान नहीं मिल पा रहा है। महोत्सव के दूसरे दिन होने वाला कवि सम्मेलन वर्षों से कुछ पुराने चेहरों और जानी-पहचानी अमौलिक प्रस्तुतियों तक सिमटा रहने की आलोचना झेल रहा है। 13 वर्षों के आयोजन के बाद भी यह मंच राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग साहित्यिक पहचान नहीं बना सका है। ऐसे में महोत्सव की भव्यता से अधिक उसके साहित्यिक उद्देश्य पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।

वही चेहरे, वही अंदाज , नई प्रतिभाओं की राह बंद :
स्थानीय साहित्यप्रेमियों की शिकायत है कि राजकीय कवि सम्मेलन में वर्षों से उन्हीं कवियों को बार-बार अवसर मिलता रहा है। उनकी प्रस्तुतियों में भी नवीनता और विविधता की कमी महसूस की जाती है। कवियों के चयन को लेकर भी पारदर्शिता का अभाव बतौर असंतोष चर्चा में रहा है। एक ही परिवार के कई कवियों की भागीदारी और साहित्यिक जगत में रातों रात कवि बनने वाले नामों को भी मंच दिए जाने पर सवाल उठते रहे हैं। दूसरी ओर मैथिली और हिंदी में उल्लेखनीय रचनाकर्म कर रहे युवा कवियों को अपेक्षित अवसर नहीं मिल पाता। कवियों के चयन का कोई स्पष्ट और सार्वजनिक मापदंड सामने नहीं होना भी इस असंतोष को बढ़ावा देता आया है।

कवि मंच पर अधिक, सुनने वाले कम; आकर्षण हो रहा कम
कवि सम्मेलन का उद्देश्य केवल मंच पर कविताएं सुनाना नहीं, बल्कि साहित्य के प्रति रुचि पैदा करना और श्रोताओं को रचनाओं से जोड़ना भी है। लेकिन प्रस्तुतियों में विविधता और नवीनता नहीं होने से श्रोताओं का जुड़ाव नहीं बढ़ रहा है। स्थानीय स्तर के कवि सम्मेलन में कवियों की तुलना में श्रोताओं की कम मौजूदगी को भी इसी संदर्भ में देखा जा रहा है।

विद्यापति की साहित्यिक गरिमा के अनुरूप आयोजन कब
मैथिली साहित्य में कवि कोकिल के रूप में प्रतिष्ठित महाकवि विद्यापति की रचनाएं भक्ति, प्रेम, विरह और लोकसंवेदना की अनमोल धरोहर हैं। उनके नाम पर होने वाले महोत्सव में मैथिली के प्रतिष्ठित साहित्यकारों, राष्ट्रीय स्तर के कवियों और नई पीढ़ी के रचनाकारों को प्रमुखता अब तक नहीं मिल सकी है। साहित्यिक श्रोताओं नन्हें गिरि, सतीश गिरि, मनोरंजन गिरि, गोपाल गिरि आदि की माने तो मैथिली भाषा में राष्ट्रीय स्तर का कवि सम्मेलन, साहित्यिक परिचर्चा और नई प्रतिभाओं की प्रस्तुति इस आयोजन को विशिष्ट पहचान दे सकती है। इस बाबत साहित्यिक दृष्टि और दूरदर्शी पहल की जरूरत है। 13 वर्षों बाद भी कवि सम्मेलन को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की ठोस पहल नहीं होने से महोत्सव की गरिमा पर व्यापक असर पड़ रहा है। कहते हैं कि विद्यापति की धरती पर होने वाले आयोजन की पहचान मंच की सजावट से नहीं, बल्कि वहां मैथिली भाषा और साहित्य को मिलने वाले सम्मान से होनी चाहिए।


