लूटकांड मामले में पांच बदमाश गिरफ्तार, 24 घंटे में समस्तीपुर पुलिस ने सुलझाया मामला

समस्तीपुर : ताजपुर थाना क्षेत्र में चारपहिया वाहन सवार बदमाशों द्वारा युवक से मोबाइल और नगदी लूटने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई मारुति सुजुकी कार और लूटा गया सैमसंग मोबाइल बरामद किया गया है। हालांकि, पीड़ित से लूटे गए 20 हजार रुपये नगद की बरामदगी को लेकर पुलिस की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने पहले भी किसी लूट या अन्य आपराधिक वारदात को अंजाम दिया है या नहीं। घटना 23 अक्टूबर की सुबह करीब 5:45 बजे हरपुर भिंडी फोरलेन के पास हुई थी। कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के आधारपुर गांव निवासी सुकेश राय वहां से गुजर रहे थे। इसी दौरान चारपहिया वाहन से पहुंचे पांच बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और मोबाइल के साथ 20 हजार रुपये नगद लूटकर फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर ताजपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी अरविंद प्रताप सिंह के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध जानकारियों के आधार पर छापेमारी शुरू की। इस दौरान चकसिकंदर गांव निवासी गुड्डू कुमार को गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने अन्य चार आरोपियों को भी पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में ताजपुर थाना क्षेत्र के चकसिकंदर निवासी गुड्डू कुमार और सत्यम कुमार, मिर्जापुर निवासी मनीष राज, अमृतपुर निवासी प्रतीक कुमार तथा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हसनपुर जितवारपुर निवासी आशीष रंजन शामिल हैं। प्रेस वार्ता के दौरान सदर एसडीपीओ-1 सतीश सुमन ने बताया ऊपूछताछ में आरोपियों ने लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनके पास से लूटा गया मोबाइल और घटना में इस्तेमाल की गई कार बरामद हुई है। सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।



