बिहार में शराब तस्कर ने महिला दारोगा का अंगूठा दांत से चबा लिया; ईंट-पत्थरों से हमला, 4 सगे भाइयों सहित 6 नामजद

बिहार में शराबबंदी को सख्ती से धरातल पर उतारने निकली मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम पर धंधेबाजों के दुस्साहस का एक और खौफनाक मामला सामने आया है। महेशखूंट थाना क्षेत्र के पटेल नगर (राजधाम) गांव में अवैध देसी महुआ शराब के भंडारण और बिक्री की गुप्त सूचना पर छापेमारी करने गई उत्पाद विभाग की टीम पर तस्करों के परिजनों और कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने लाठी-डंडे और ईंट-पत्थरों से जानलेवा हमला बोल दिया।
इस हिंसक झड़प में उत्पाद विभाग की दारोगा विष्णु प्रिया गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके सिर, कान और गर्दन पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि एक युवती द्वारा दांत से चबाए जाने के कारण उनका अंगूठा फ्रैक्चर हो गया है। उनके साथ मौजूद तीन से चार अन्य सिपाही व कर्मी भी चोटिल हुए हैं। आनन-फानन में घायल दारोगा को इलाज के लिए गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दी गई।
ब्रेथ एनालाइजर से जांच करते ही भड़का परिवार, दारोगा पर दांत से हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग खगड़िया को सूचना मिली थी कि पटेल नगर निवासी संजय महतो और धनंजय महतो लंबे समय से अपने घर में देसी महुआ शराब तैयार कर भारी मात्रा में भंडारण करते हैं और रात के अंधेरे में उसकी सप्लाई करते हैं। सूचना की सत्यता जांचने के उपरांत दारोगा विष्णु प्रिया के नेतृत्व में 12 सदस्यीय संयुक्त टीम गठित कर बुधवार की देर रात छापेमारी के लिए रवाना की गई।


टीम जैसे ही चिन्हित घर पर पहुंची और कमरों की तलाशी लेने की कोशिश की, घर के महिला व पुरुष सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान नशे में धुत धनंजय महतो ने घर में रखी देसी शराब को जमीन पर उड़ेल दिया। जब टीम ने उसका ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण करने का प्रयास किया, तो वह उग्र हो गया। इसी बीच घर की महिलाओं और पुरुषों ने दारोगा विष्णु प्रिया पर सीधा हमला बोल दिया। हाथापाई के दौरान आरोपी की पुत्री मुस्कान कुमारी ने दारोगा के हाथ का अंगूठा अपने दांतों से बुरी तरह चबा डाला।

लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले, किसी तरह जान बचाकर निकली टीम
अंदर चीख-पुकार मचने पर साथी पुलिसकर्मियों ने किसी तरह दारोगा को तस्करों के चंगुल से छुड़ाकर बाहर निकाला। इसी दौरान बाहर खड़े घर के अन्य सदस्यों और कुछेक असामाजिक तत्वों ने पूरी टीम पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए इस चौतरफा हमले के बीच उत्पाद विभाग की टीम किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रही।
घटना की पुष्टि करते हुए उत्पाद अधीक्षक खगड़िया मु. सत्तार अंसारी ने बताया कि दारोगा विष्णु प्रिया के बयान पर महेशखूंट थाने में छह नामजद सहित कई अज्ञात हमलावरों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला करने, मारपीट और साजिश रचने की संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

4 सगे भाइयों सहित 6 नामजद, पहले भी जेल जा चुके हैं आरोपी
दारोगा के अनुसार, नामजद आरोपी संजय महतो और धनंजय महतो पूर्व में भी शराब तस्करी के मामले में जेल जा चुके हैं। प्राथमिकी में चार सगे भाइयों संजय महतो, धनंजय महतो, रोहित और सोहित के अलावा धनंजय महतो की पत्नी उषा देवी व पुत्री मुस्कान कुमारी को मुख्य नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
दूसरी ओर, आरोपी पक्ष के सदस्यों का आरोप है कि तलाशी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने घर की महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की की, जिससे मुस्कान कुमारी को चोटें आईं। हालांकि, उत्पाद विभाग और पुलिस ने इस आरोप को सिरे से खारिज करते हुए इसे कार्रवाई से बचने की मनगढ़ंत कहानी करार दिया है। महेशखूंट थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस टीम सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी कर रही है।

