एसपी की शिकायत लेकर डीजीपी के पास पहुंचे तेजस्वी यादव, AK 47 चलाने वाले पुलिसकर्मियों पर FIR की मांग

बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को डीजीपी विनय कुमार से मुलाकात की है। इस दौरान उन्होंने एसपी (पुलिस अधीक्षक) समेत अन्य पुलिस अधिकारियों की शिकायत की। उन्होंने छात्र आंदोलन के दौरान एके-47 जैसे घातक हथियारों से गोली चलाने वाले पुलिसकर्मियों पर एफआईआर की मांग की। साथ ही संबंधित जिले के एसपी समेत अन्य अफसरों पर भी ऐक्शन लेने का अनुरोध किया। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने डीजीपी को इस संबंध में एक लिखित ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक के खिलाफ छात्रों के लोकतांत्रिक प्रदर्शन पर बिहार पुलिस ने फायरिंग और बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया था। डीजीपी विनय कुमार से मुलाकात के दौरान तेजस्वी के साथ आरजेडी नेता अब्दुल बारी सिद्दिकी, मंगनी लाल मंडल, उदय नारायण चौधरी और एमएलसी सुनील सिंह आदि मौजूद रहे।
तेजस्वी ने दी आंदोलन की चेतावनी
तेजस्वी ने चेतावनी दी है कि आरोपी पुलिसकर्मियों पर अगर कोई ऐक्शन नहीं लिया गया, तो विपक्ष पूरे राज्य में आंदोलन करेगा। उन्होंने बिहार में कानून व्यवस्था की बहाली के लिए आवश्यक कदम उठाने की भी मांग की।
क्या हैं आरजेडी की मांगें
- तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि हमने इन 5 मांगों को लेकर डीजीपी को ज्ञापन सौंपा है-
- बिहार पुलिस ने छात्रों पर AK-47 से गोलियाँ क्यों चलाई?
- बिहार पुलिस ने बच्चों पर शूट टू किल की की सोच के साथ गोलियां बरसाईं, जो अत्यंत दुखद और अलोकतांत्रिक है।
- बिहार पुलिस ने भीड़ नियंत्रण के ‘ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान’ प्रोटोकॉल का पालन क्यों नहीं किया?
- फायरिंग का आदेश देने वाले वरीय पुलिस अधिकारियों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
- छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा की गई बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की न्यायिक जांच कराई जाए।


बिहार में कानून व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
नेता प्रतिपक्ष ने डीजीपी से शिकायत की है कि बिहार की कानून व्यवस्था बदहाल हो गई है। पुलिस प्रशासन मनमानी कर रहे हैं। इन पर अकुश लगाया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाए।
बता दें कि पिछले महीने छात्र आंदोलन के दौरान पूरे बिहार में उग्र प्रदर्शन हुए थे। उस दौरान प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं और पुलिस कर्मियों के बीच भिड़ंत हुई थी। कई शहरों में पथराव और लाठीचार्ज में प्रदर्शनकारी और पुलिसकर्मी घायल हुए थे।

सीवान में एके 47 से फायरिंग करने वाला सिपाही निलंबित
सीवान में छात्र आंदोलन ने हिंसक रूप ले लिया था। विपक्ष का आरोप है कि पुलिस ने आंदोलनकारियों पर गोलियां चलाईं, जिसमें तीन छात्र घायल हो गए थे। बाद में सीवान के एसपी पूरन कुमार झा ने एके 47 से गोली चलाने वाले सिपाही अभिषेक कुमार को सस्पेंड कर दिया था। हाथ में एके 47 लिए फायरिंग करते पुलिसकर्मी के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे।




