विद्यापतिधाम मंदिर परिसर में अश्लील गानों पर रील बनाने पर लगेगी रोक, SDO ने BDO, CO, थानाध्यक्ष व मंदिर न्यास समिति को दिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश

समस्तीपुर/विद्यापतिनगर : विद्यापतिधाम मंदिर परिसर में पिछले कुछ महीनों से अश्लील एवं फूहड़ गानों पर रील और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पदाधिकारी दलसिंहसराय ने इस पर तत्काल रोक लगाने का निर्देश जारी किया है। इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष विद्यापतिनगर तथा श्री बालेश्वर स्थान विद्यापतिधाम न्यास समिति को आवश्यक कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है।
— Samastipur Town (@samastipurtown) August 7, 2026
जारी पत्र में कहा गया है कि बीते दो-तीन महीनों से कुछ लोग मंदिर परिसर में अश्लील एवं अमर्यादित गानों पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहे हैं। इससे मंदिर की पवित्रता, धार्मिक गरिमा एवं सांस्कृतिक मर्यादा प्रभावित हो रही है तथा श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। एसडीओ ने अपने आदेश में उल्लेख किया है कि विद्यापतिधाम बिहार का प्राचीन एवं प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर परिसर में इस प्रकार की गतिविधियां न केवल अनुचित हैं, बल्कि मंदिर की प्रतिष्ठा और सामाजिक वातावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं।


अनुमंडल प्रशासन ने श्री बालेश्वर स्थान विद्यापतिधाम मंदिर परिसर में अश्लील एवं फूहड़ गानों पर रील और वीडियो निर्माण पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही, श्री बालेश्वर स्थान विद्यापतिधाम न्यास समिति के सचिव को मंदिर परिसर में स्पष्ट सूचना-पट्ट एवं बैनर लगाने तथा नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया है।





