समस्तीपुर लाइन DSP के बाॅडीगार्ड की करंट लगने से मौ’त, बचाने दौड़े चाचा ने भी गंवाई जान; बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक की थी तैयारी

समस्तीपुर : समस्तीपुर लाइन डीएसपी सुनील कुमार के बाॅडीगार्ड अमन कुमार की रविवार की सुबह मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में करंट लगने से मौत हो गई। उन्हें बचाने की कोशिश में उनके चाचा पंकज कुमार भी हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद समस्तीपुर पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, अमन कुमार बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर समस्तीपुर में कार्यरत थे और वर्तमान में समस्तीपुर लाइन डीएसपी सुनील कुमार के बाॅडीगार्ड थे।
बताया गया है कि वह दो दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव रतनपुर पहुंचे थे। उनकी शादी दो वर्ष पूर्व खगड़िया जिले की रुचि कुमारी से हुई थी। सावन की पहली सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक करने की उनकी तैयारी थी और रविवार की शाम बाबाधाम के लिए रवाना होने वाले थे। लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। बताया जाता है कि रविवार सुबह घर के समीप ट्रांसफॉर्मर के पास से गुजर रहा 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया। जिससे अमन कुमार इसकी चपेट में आ गए। उन्हें करंट से तड़पता देख उनके चाचा पंकज कुमार बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।


घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सावन की पहली सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम जाने की तैयारी कर रहे अमन की असमय मौत से परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। इस हादसे की सूचना मिलते ही समस्तीपुर पुलिस बल में भी शोक की लहर फैल गई। साथी पुलिसकर्मियों ने अमन कुमार के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
इधर लाइन डीएसपी सुनील कुमार ने बताया कि उनके अंगरक्षक अमन कुमार एक कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और बेहद व्यवहारकुशल जवान थे। उनके आकस्मिक निधन की खबर से हम सभी स्तब्ध और दुखी हैं। यह समस्तीपुर पुलिस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहने की शक्ति दें।





